108-102 एंबुलेंस कर्मचारी 24 घंटे की हड़ताल पर, सेवाएं पूरी तरह प्रभावित होंगी
शिमला/28/09/2025
शिमला: प्रदेश भर के 108-102 एंबुलेंस कर्मचारियों ने अपनी लंबित मांगों को लेकर 2 अक्टूबर रात 8 बजे से 3 अक्टूबर रात 8 बजे तक 24 घंटे की हड़ताल करने का ऐलान किया है। इस दौरान एंबुलेंस सेवाएं पूरी तरह प्रभावित रहेंगी।
कर्मचारी यूनियन के पदाधिकारियों का कहना है कि एन.एच.एम. के अधीन मैडस्वान फाउंडेशन के तहत कार्यरत कर्मचारी लंबे समय से शोषण का सामना कर रहे हैं। कर्मचारियों के अनुसार, उन्हें सरकार द्वारा घोषित न्यूनतम वेतन तक नहीं मिलता, जबकि उन्हें 12 घंटे की ड्यूटी करवाई जाती है और ओवरटाइम का भुगतान नहीं किया जाता।
यूनियन का आरोप है कि नेतृत्वकारी कर्मचारियों का या तो जबरन तबादला कर दिया जाता है या मानसिक रूप से प्रताड़ित करके नौकरी छोड़ने के लिए मजबूर किया जाता है। इसके अलावा, ई.पी.एफ. और ई.एस.आई. के क्रियान्वयन में भी गंभीर त्रुटियां हैं। कुल वेतन में कर्मचारियों का मूल वेतन भी कम है और अन्य श्रम कानूनों का उल्लंघन भी लगातार हो रहा है।
मैडस्वान फाउंडेशन में कार्य करने से पहले ये कर्मचारी जी.वी.के. ई.एम.आर.आई. में थे। वहां भी छंटनी या सेवा समाप्ति पर उन्हें छंटनी भत्ता, ग्रेच्युटी, नोटिस पे और अन्य किसी भी सुविधा का भुगतान नहीं किया गया।
कर्मचारियों का कहना है कि लंबे समय से हो रहे इस शोषण और उनके अधिकारों की अनदेखी को देखते हुए 2 अक्टूबर की रात 8 बजे से 24 घंटे की हड़ताल की जा रही है। यूनियन ने सरकार से उनकी मांगों को तुरंत पूरा करने की भी मांग की है।