2026-27 से बड़ा बदलाव: हिमाचल के सभी बीएड कॉलेज होंगे एचपीयू से संबद्ध
शिमला/24/08/2025
शिमला: हिमाचल प्रदेश सरकार ने बड़ा फैसला लेते हुए प्रदेश के सभी निजी और सरकारी बीएड संस्थानों को अगले शैक्षणिक सत्र 2026-27 से हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (एचपीयू) शिमला से संबद्ध करने का निर्णय लिया है। इस संबंध में शिक्षा विभाग की ओर से अधिसूचना भी जारी कर दी गई है।
अब प्रदेश में सभी बीएड कॉलेजों की प्रवेश परीक्षा, काउंसलिंग और सीट आवंटन की जिम्मेदारी एचपीयू के पास होगी। अभी तक प्रदेश में कुल 56 बीएड संस्थान (2 सरकारी और 54 निजी) कार्यरत हैं। इसके अलावा 14 निजी कॉलेज सरदार पटेल विश्वविद्यालय (एमपीयू) से जुड़े हुए हैं। अब ये सभी भी एचपीयू से संबद्ध हो जाएंगे।
प्रदेश में बीएड की लगभग 7,000 सीटें हैं, जिनका आवंटन अब एचपीयू करेगा। इसमें 5,548 सीटें पहले से ही एचपीयू के अधीन हैं। 2022 तक अन्य विश्वविद्यालयों से जुड़े निजी कॉलेजों ने संबद्धता शुल्क नहीं भरा था। ऐसे कॉलेजों से एचपीयू बकाया शुल्क भी वसूलेगा।
सरकार के इस फैसले से प्रवेश प्रक्रिया को एकरूपता मिलेगी और छात्रों को पारदर्शी प्रणाली के तहत बीएड में दाखिला मिल सकेगा। फिलहाल प्रवेश और सीट आवंटन की जिम्मेदारी 2023 तक सरकार के पास थी, जिसे अब एचपीयू संभालेगा।
एचपीयू कुलपति महावीर सिंह और कुलसचिव ज्ञान सागर ने बताया कि नई अधिसूचना के अनुसार अब प्रदेश के सभी निजी बीएड कॉलेज भी अनिवार्य रूप से एचपीयू से जुड़े रहेंगे। इस निर्णय से छात्रों के हितों की सुरक्षा होगी और शिक्षा व्यवस्था अधिक संगठित रूप में संचालित की जा सकेगी।