NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

7-8 सितंबर को भारत सहित हिमाचल में दिखेगा पूर्ण चंद्रग्रहण, 3.30 घंटे तक रहेगा प्रभाव

chandr

हिमाचल प्रदेश सहित पूरे देश में 7 और 8 सितंबर को पूर्ण चंद्रग्रहण दिखाई देगा। मौसम विभाग के खगोल विज्ञान केंद्र के अनुसार यह खगोलीय घटना भारत के सभी हिस्सों से स्पष्ट रूप से नजर आएगी। चंद्रमा 7 सितंबर को देर शाम पृथ्वी की उपछाया में प्रवेश करेगा और 8 सितंबर की दोपहर बाद तक यह प्रक्रिया चलेगी। ग्रहण का स्पर्श 7 सितंबर की रात 9:57 बजे होगा और इसका समापन 8 सितंबर को दोपहर 1:27 बजे होगा। पूर्ण चंद्रग्रहण की शुरुआत 7 सितंबर को रात 11:00 बजे होगी और यह 8 सितंबर को रात 12:23 बजे तक चलेगा।

इस ग्रहण की कुल अवधि 3 घंटे 30 मिनट की होगी, जबकि पूर्ण ग्रहण की अवधि 1 घंटा 23 मिनट रहेगी। यह दृश्य अंटार्कटिका, पश्चिमी प्रशांत महासागर, ऑस्ट्रेलेशिया, एशिया, भारत महासागर, यूरोप और पूर्वी अटलांटिक महासागर के क्षेत्रों से भी देखा जा सकेगा।

भारत में अगले पूर्ण चंद्रग्रहण का इंतजार 3 मार्च 2026 तक करना होगा। इससे पहले 28 अक्टूबर 2023 को आंशिक चंद्रग्रहण हुआ था। वैज्ञानिक दृष्टि से यह एक महत्वपूर्ण खगोलीय घटना है, जब पृथ्वी सूर्य और चंद्रमा के बीच आ जाती है और तीनों एक सीधी रेखा में स्थित हो जाते हैं। पूर्ण चंद्रग्रहण में पूरा चंद्रमा पृथ्वी की प्रच्छाया से ढक जाता है, जबकि आंशिक चंद्रग्रहण में केवल उसका कुछ हिस्सा ही ढक पाता है।

ज्योतिषीय मान्यता के अनुसार यह ग्रहण कुंभ राशि शतभिषा नक्षत्र पर रहेगा। ज्योतिषाचार्यों के अनुसार कुंभ और मीन राशि वालों को ग्रहण देखना अशुभ माना गया है। वहीं मेष, वृषभ, कन्या और धनु राशि वालों के लिए यह ग्रहण शुभ फलदायी होगा। मिथुन, सिंह, तुला और मकर राशि वालों के लिए इसका प्रभाव सामान्य रहेगा। कर्क और वृश्चिक राशि के जातकों को भी ग्रहण न देखने की सलाह दी गई है।

धार्मिक मान्यताओं के अनुसार इस दिन का सूतक काल 7 सितंबर को दोपहर 12:57 बजे से प्रारंभ होगा। पूर्णिमा पर श्राद्ध करने वालों को सूतक शुरू होने से पहले ही भोजन और धार्मिक कार्य पूरे करने की सलाह दी गई है।

Scroll to Top