श्रीखंड मार्ग पर कुंशा में तीन भेड़पालक मृत मिले, कारण पोस्टमार्टम के बाद स्पष्ट होगा
निरमंड/18/09/2025
कुल्लू/निरमंड। श्रीखंड यात्रा मार्ग से दुखद खबर सामने आई है। निरमंड क्षेत्र के तीन भेड़पालक कुंशा में मृत पाए गए हैं। मृतकों की पहचान डिनु राम (45) निवासी जुआगी, पवन देव (31) निवासी ठारवा और बजारू राम (58) निवासी बसवारी के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार तीनों करीब एक हफ्ता पहले भेड़-बकरियां चराने निकले थे और बेस कैंप सिंहगाड़ से ऊपर कुंशा में अपने ठहराव स्थल पर मृत पाए गए।
परिजनों ने जब कई दिनों तक संपर्क न होने पर तलाश शुरू की तो कुंशा पहुंचने पर तीनों के शव बरामद हुए। सूचना मिलते ही पुलिस और प्रशासन हरकत में आए और शवों को निरमंड लाने की प्रक्रिया शुरू की गई। डीएसपी आनी चंद्रशेखर कायथ ने घटना की पुष्टि की है। मौत का कारण अभी साफ नहीं है, जिसकी जानकारी पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मिल पाएगी।