दृष्टिबाधित आयुषी की प्रेरक कहानी: UPSC पास कर बनीं IAS, अब KBC में जीते 25 लाख; मां का सपना भी किया पूरा
नई दिल्ली/18/09/2025
दिल्ली की रहने वाली आयुषी ने यह साबित कर दिया है कि यदि हिम्मत और हौसले मजबूत हों तो कोई भी बाधा इंसान को आगे बढ़ने से रोक नहीं सकती। जन्म से दृष्टिबाधित होने के बावजूद आयुषी ने कड़ी मेहनत और संघर्ष से न केवल UPSC परीक्षा पास कर IAS का पद हासिल किया, बल्कि अब कौन बनेगा करोड़पति (KBC) के मंच पर भी कमाल कर दिखाया। उन्होंने 25 लाख रुपये जीतकर अपनी सफलता की कहानी को और भी खास बना दिया।
आयुषी का सफर आसान नहीं रहा। शुरुआती पढ़ाई उन्होंने नगर निगम स्कूल से की और फिर दिल्ली यूनिवर्सिटी के एनसीWEB से स्नातक की पढ़ाई पूरी की। साल 2012 में उन्होंने UPSC की तैयारी शुरू की और तमाम कठिनाइयों के बावजूद 2019 में डिप्टी सुपरिंटेंडेंट के रूप में उनकी नियुक्ति हुई। इसके बाद निरंतर मेहनत से उन्होंने 2022 में IAS बनकर वसंत विहार एसडीएम ऑफिस में कार्यभार संभाला।
IAS बनने के बाद भी आयुषी ने खुद को आगे बढ़ने से नहीं रोका। मई 2025 में जनकपुरी में KBC की ओपन प्रतियोगिता हुई, जिसमें उनका चयन हुआ। कई राउंड्स में सफलता पाने के बाद 3 सितंबर को उन्हें मुंबई बुलाया गया। अमिताभ बच्चन के सामने बैठकर उन्होंने शानदार प्रदर्शन किया और 25 लाख रुपये की धनराशि जीतकर देशभर के लोगों को प्रेरित किया।
आयुषी ने बताया कि उनकी मां की दो बड़ी ख्वाहिशें थीं—पहली प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी से मिलना और दूसरी अमिताभ बच्चन से मिलना। KBC में जाकर आयुषी ने अपनी मां की दोनों इच्छाओं को पूरा कर दिया। हालांकि 50 लाख रुपये के सवाल पर उनसे पूछा गया कि कल्पना चावला अंतरिक्ष में कौन-सी म्यूजिक बैंड की एल्बम लेकर गई थीं। इसका उत्तर न जानने के कारण उन्होंने गेम को क्विट कर दिया और 25 लाख रुपये जीतकर घर लौटीं।
आयुषी की कहानी आज हर युवा के लिए मिसाल है। उन्होंने यह दिखा दिया कि परिस्थितियाँ चाहे कितनी भी कठिन क्यों न हों, दृढ़ निश्चय और मेहनत से हर लक्ष्य हासिल किया जा सकता है। दृष्टिबाधा जैसी चुनौती को पार करते हुए IAS बनना और अब KBC में जीत हासिल करना उनकी जुझारू मानसिकता और अटूट आत्मविश्वास को दर्शाता है।