राहुल गांधी के दावे मिनटों में ध्वस्त: चुनाव आयोग और सुरेश कश्यप ने किया खुलासा
शिमला/18/09/2025
भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और सांसद सुरेश कश्यप ने राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस में लगाए गए आरोपों का कड़ा खंडन किया। कश्यप ने कहा कि राहुल गांधी के झूठे दावे कुछ ही मिनटों में चुनाव आयोग (ECI) और वास्तविक तथ्यों द्वारा पूरी तरह खारिज कर दिए गए। उनका आरोप है कि राहुल गांधी घुसपैठियों और शहरी नक्सलियों को बचाने के लिए मनगढ़ंत और झूठे आरोप लगा रहे हैं।
कश्यप ने कहा कि झूठे आरोप लगाना और फिर भाग जाना राहुल गांधी की आदत बन गई है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि राहुल गांधी ने प्रेस वक्तव्य में कहा कि लोकतंत्र बचाना उनका काम नहीं है, उनका काम केवल भाजपा का विरोध करना है। सुरेश कश्यप ने कहा, "बस यही एक लाइन राहुल गांधी की मानसिकता को दर्शाने के लिए पर्याप्त है।"
चुनाव आयोग ने राहुल गांधी द्वारा लगाए गए आरोपों को पूरी तरह खारिज किया। आयोग ने स्पष्ट किया कि किसी भी वोटर को सुनवाई के बिना नहीं हटाया जा सकता। 2023 में अलांद विधानसभा क्षेत्र में वोट हटाने की शिकायत पर आयोग ने FIR दर्ज कर जांच भी की थी। आयोग ने इस्तेमाल किए गए मोबाइल नंबर और IP एड्रेस भी उपलब्ध कराए, जिससे यह साबित होता है कि किसी भी प्रकार की धांधली नहीं हुई।
सुरेश कश्यप ने राहुल गांधी के PPT और उनके दावों की आलोचना करते हुए कहा कि इसमें तथ्यों को तोड़-मरोड़कर पेश किया गया है। राहुल गांधी ने दावा किया कि कुछ मतदाताओं के नाम मतदाता सूची से हटा दिए गए, जबकि आयोग के रिकॉर्ड के अनुसार वे अभी भी वैध वोटर हैं। उदाहरण के तौर पर, बबीता चौधरी, सोनकांतले काशीनाथ और अशोक माणिकराव अभी भी अलांद विधानसभा क्षेत्र में वैध वोटर हैं।
कश्यप ने कर्नाटक की अलांद और बिलूर विधानसभा सीटों का उदाहरण देते हुए कहा कि कांग्रेस ने 2023 में अलांद विधानसभा सीट 10,348 वोटों से जीती, जबकि 2004 से 2018 तक भाजपा और जनता दल के अलावा कांग्रेस की जीत नहीं थी। उन्होंने सवाल उठाया कि अगर भाजपा के पास कोई गुप्त सॉफ्टवेयर होता तो वह इस सीट क्यों हार गई? यही साफ साबित करता है कि राहुल गांधी के दावे राजनीतिक और भ्रामक हैं।
इसके अलावा, कर्नाटक उच्च न्यायालय ने बिलूर विधानसभा क्षेत्र में कांग्रेस विधायक के चुनाव को रद्द कर वोटों की पुनर्गणना का आदेश दिया। यह स्पष्ट करता है कि चुनाव में धांधली का आरोप लगाने वाला स्वयं कांग्रेस का विधायी उम्मीदवार था।
कश्यप ने कहा कि राहुल गांधी ने अपनी PPT में जो 12 मतदाताओं के नाम दिखाए और दावा किया कि उनके नाम हटाए गए हैं, वह सब झूठ है। इस प्रकार, राहुल गांधी के दावे केवल झूठ फैलाने और देश में अराजकता पैदा करने का प्रयास हैं। उन्होंने जोर देकर कहा कि चुनाव ऑनलाइन नहीं जीते या हारे जा सकते; झूठे आख्यान और भ्रामक बयानबाजी के जरिए केवल भ्रम फैलाया जा सकता है।