NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

राहुल गांधी का ड्रामा, लोकतंत्र बचाने की बजाय आरोपों की राजनीति को बनाया आभूषण: अनुराग सिंह ठाकुर

नई दिल्ली/18/09/2025

anurag thakur

भाजपा के वरिष्ठ नेता और पूर्व केंद्रीय मंत्री अनुराग सिंह ठाकुर ने गुरुवार को भाजपा के केंद्रीय कार्यालय में प्रेस वार्ता करते हुए राहुल गांधी और कांग्रेस पार्टी पर करारा हमला बोला। ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी बार-बार झूठे और निराधार आरोप लगाकर संवैधानिक संस्थाओं और लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश कर रहे हैं। उन्होंने राहुल गांधी की प्रेस कॉन्फ्रेंस में ‘हिट एंड रन’ शैली की राजनीति और ड्रामा करार दिया।

ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस घुसपैठियों और अर्बन नक्सल्स की सुरक्षा की राजनीति कर रही है। राहुल गांधी लोकतंत्र बचाने के बजाय केवल भाजपा को कमजोर करने और आरोपों की राजनीति को अपना “आभूषण” बनाने में लगे हैं। ठाकुर ने कहा, “राहुल गांधी झूठे आरोप लगाते हैं और जब प्रमाण पेश करने की बारी आती है, तो पीठ दिखा कर भाग जाते हैं।”

उन्होंने याद दिलाया कि राहुल गांधी को पहले भी राफेल, ‘चौकीदार चोर है’, सावरकर और आरएसएस से जुड़े मामलों में कोर्ट से फटकार मिली और कई बार उन्हें माफी मांगनी पड़ी। अनुराग ठाकुर ने कहा कि राहुल गांधी का यह ‘हिट एंड रन’ रवैया आज की प्रेस कॉन्फ्रेंस में भी दिखाई दिया।

ठाकुर ने बताया कि चुनाव आयोग ने स्पष्ट किया है कि किसी भी वोट को ऑनलाइन किसी भी नागरिक द्वारा हटाया या मिटाया नहीं जा सकता। 2023 में अलांद विधानसभा क्षेत्र में कुछ असफल प्रयास हुए थे, जिनकी जांच आयोग ने FIR दर्ज कर करवाई थी। आयोग ने पहले ही मोबाइल नंबर और IP एड्रेस उपलब्ध करवा दिए हैं। आलंद विधानसभा सीट 2023 में कांग्रेस के उम्मीदवार ने 10,348 वोटों से जीती थी, जिससे राहुल गांधी का वोट चोरी का दावा निराधार साबित होता है।

भाजपा सांसद ने कहा कि राहुल गांधी बार-बार संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाते हैं, लेकिन प्रमाण नहीं पेश करते। जो मतदाता राहुल गांधी ने प्रेस कॉन्फ्रेंस में उदाहरण के तौर पर दिए, वे अभी भी वैध वोटर हैं। ठाकुर ने आरोप लगाया कि कांग्रेस और राहुल गांधी घुसपैठियों के वोटों को बचाने और देश के एससी, एसटी, ओबीसी और अल्पसंख्यक समुदायों के वास्तविक मतदाताओं की ताकत को कम करने की राजनीति कर रहे हैं।

अनुराग ठाकुर ने कर्नाटक हाईकोर्ट के हालिया फैसले का उदाहरण देते हुए कहा कि मलूर विधानसभा सीट पर कांग्रेस ने मतगणना में अनियमितता करके जीत हासिल की, जिसे कोर्ट ने रद्द कर दिया। उन्होंने स्पष्ट किया कि राहुल गांधी के दावे केवल “विक्टिम कार्ड” खेलने और लोकतंत्र को कमजोर करने की कोशिश हैं।

ठाकुर ने जोर देकर कहा कि भाजपा लोकतंत्र को मजबूत करने और घुसपैठियों की असली पहचान उजागर करने के लिए हर कदम उठाएगी। उन्होंने चेतावनी दी कि राहुल गांधी और कांग्रेस की घुसपैठियों को बचाने की राजनीति पहले ही बेनकाब हो चुकी है और भविष्य में भी बेनकाब होती रहेगी।

Scroll to Top