भाजपा अध्यक्ष पद पर असमंजस, RSS संबंधों पर उठे सवाल – गडकरी ने दिया चुटीला जवाब
नई दिल्ली/18/09/2025
भारतीय जनता पार्टी (BJP) में नए राष्ट्रीय अध्यक्ष के चयन को लेकर असमंजस की स्थिति बनी हुई है। लंबे समय से अध्यक्ष पद का चुनाव टलता जा रहा है, जिस पर सवाल उठने लगे हैं कि क्या पार्टी और राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (RSS) के बीच सामंजस्य की कमी है। चर्चा है कि सर्वोच्च पद के लिए किसी एक नाम पर सहमति नहीं बन पा रही है और यही कारण है कि मौजूदा अध्यक्ष जेपी नड्डा का कार्यकाल बढ़ाया गया है।
इस मुद्दे पर भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष और मोदी सरकार में वरिष्ठ मंत्री नितिन गडकरी से एक कार्यक्रम में सवाल पूछा गया। उनसे पूछा गया कि आखिर भाजपा में क्या दिक्कत है और इतने समय से अध्यक्ष क्यों नहीं चुना जा पा रहा है? क्या आरएसएस से संबंध ठीक नहीं हैं? इस पर गडकरी ने अपनी हाजिरजवाबी दिखाते हुए मुस्कुराकर जवाब दिया – “आपका सवाल तो सही है, लेकिन आपने गलत आदमी से पूछ लिया है। कभी नड्डा जी से पूछिए, वे ही सही व्यक्ति हैं इस सवाल का जवाब देने के लिए।”
हालांकि, हाल के दिनों में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और अन्य वरिष्ठ नेताओं ने आरएसएस की सराहना की है। मोदी ने 15 अगस्त को लाल किले से आरएसएस को दुनिया का सबसे बड़ा एनजीओ बताया था और मोहन भागवत के 75वें जन्मदिन पर अखबारों में संपादकीय लिखकर उनकी प्रशंसा की थी। अमित शाह ने भी कहा था कि आरएसएस का स्वयंसेवक होना कभी नकारात्मक बिंदु नहीं हो सकता।
गौरतलब है कि जेपी नड्डा 2020 से भाजपा अध्यक्ष हैं। उनका कार्यकाल तब तक बढ़ाया गया है जब तक पार्टी नया अध्यक्ष नहीं चुन लेती। उनसे पहले अमित शाह 2014 से 2020 तक लगातार दो कार्यकाल अध्यक्ष रहे, जबकि नितिन गडकरी 2010 से 2013 तक इस पद पर रह चुके हैं।