NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

गाज़ा पर इज़रायली हमले तेज़, UN और EU की अनदेखी; 24 घंटे में 98 लोगों की मौत

गाज़ा/18/09/2025

MANTRALY

गाज़ा में हालात लगातार बिगड़ते जा रहे हैं। इज़रायली सेना ने गाज़ा सिटी को चारों ओर से घेर लिया है और टैंक तैनात कर दिए हैं। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि इज़रायली टैंक और सैनिक गाज़ा शहर के ठीक उत्तर में शेख रादवान तालाब इलाके तक पहुँच गए हैं। उपग्रह तस्वीरों से यह भी पुष्टि हुई है कि टैंक अपनी पिछली स्थिति से गाज़ा शहर की ओर बढ़ रहे हैं।

इज़रायली प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने वैश्विक आलोचनाओं और संयुक्त राष्ट्र (UN) व यूरोपीय संघ (EU) की चिंताओं को नज़रअंदाज़ कर कार्रवाई जारी रखी है। CNN की रिपोर्ट के अनुसार, इज़रायली सेना गाज़ा सिटी में ज़मीनी कार्रवाई की तैयारी में है।

फिलिस्तीनी स्वास्थ्य मंत्रालय का कहना है कि पिछले 24 घंटों में गाज़ा में 98 लोगों की मौत हुई है। युद्ध शुरू होने के बाद से मरने वालों का आंकड़ा 65,000 से अधिक पहुँच चुका है। इज़रायली सेना का दावा है कि उसने गाज़ा शहर पर अब तक 150 से ज़्यादा बार हमला किया है और हमास द्वारा इस्तेमाल किए जाने वाले कई आवासीय टावर क्षतिग्रस्त कर दिए हैं।

गाज़ा में लगातार हो रहे हमलों से बड़ी संख्या में लोग अपने घर-बार छोड़कर पलायन कर रहे हैं। वहीं, इज़रायल ने गाज़ा शहर के दक्षिणी हिस्से में अस्थायी रूप से गलियारा खोला है ताकि लोग सुरक्षित क्षेत्रों की ओर निकल सकें।

Scroll to Top