शिमला कॉलेज में ‘सतत विकास का दर्शन’ पर शैक्षणिक व्याख्यान, 600 छात्रों की रही सहभागिता
शिमला/18/09/2025
राजीव गांधी राजकीय महाविद्यालय, कोटशेरा (चौड़ा मैदान) शिमला में आज एक विशेष शैक्षणिक व्याख्यान का आयोजन किया गया। यह कार्यक्रम इतिहास सोसाइटी, राजनीतिक विज्ञान सोसाइटी और महिला प्रकोष्ठ के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित हुआ। कार्यक्रम का विषय था – ‘सतत विकास का दर्शन: ऐतिहासिक और राजनीतिक परिप्रेक्ष्य’।
कार्यक्रम में महाविद्यालय के प्राचार्य डॉ. गोपाल चौहान मुख्य अतिथि रहे। उन्होंने अपने प्रेरणादायक संबोधन में विद्यार्थियों को ऐसे अकादमिक आयोजनों में भाग लेने के लिए प्रोत्साहित किया और आयोजन को सफल बनाने में योगदान देने वाली सोसाइटीज़ की सराहना की।
मुख्य वक्ता के रूप में भारतीय उच्च अध्ययन संस्थान, शिमला की फेलो डॉ. आध्या दीक्षित ने विद्यार्थियों को संबोधित किया। उन्होंने सतत विकास की समकालीन चुनौतियों, सामाजिक और राजनीतिक परिप्रेक्ष्य तथा विद्यार्थियों की सक्रिय भूमिका पर गहन विचार रखे। डॉ. दीक्षित ने कहा कि समाज स्वयं एक प्रयोगशाला है, जहाँ मानव व्यवहार, संस्थाएं और नीतियाँ मिलकर सामाजिक संरचनाओं का निर्माण करती हैं। विद्यार्थियों को इस प्रयोगशाला में सक्रिय रूप से भाग लेकर समाज को समझने और बेहतर बनाने का प्रयास करना चाहिए।
इस अवसर पर इतिहास विभाग, राजनीतिक विज्ञान विभाग और महिला प्रकोष्ठ के सभी शिक्षक एवं शैक्षणिक सदस्य मौजूद रहे। विशेष रूप से डॉ. पी. डी. कौशल (डीन स्टूडेंट वेलफेयर), डॉ. अनुप्रिया, प्रो. राजलक्ष्मी नेगी, डॉ. अंजू, डॉ. किशोरी लाल चंदेल, डॉ. अजय, प्रो. अंजना और प्रो. प्रतिभा ठाकुर ने कार्यक्रम में उपस्थिति दर्ज की।
कार्यक्रम का संचालन एवं समापन डॉ. अजय कुमार ने धन्यवाद ज्ञापन के साथ किया। इस शैक्षणिक व्याख्यान में लगभग 600 छात्र-छात्राओं ने सक्रिय रूप से भाग लिया, जिससे यह आयोजन और अधिक सार्थक व प्रभावी बना।