कुनिहार के जाडली में अफीम और चरस बरामद, एक गिरफ्तार
पुलिस थाना कुनिहार के तहत नशा तस्करी का बड़ा खुलासा हुआ है। गुप्त सूचना के आधार पर पुलिस ने जाडली गांव निवासी धनीराम उर्फ गल्लु पुत्र स्व. तिक्खुराम को गिरफ्तार कर भारी मात्रा में चरस और अफीम बरामद की है।
पुलिस को विश्वसनीय सूत्रों से जानकारी मिली थी कि धनीराम, जो सुवायु–कुनिहार सड़क पर दीपक भोजनालय एवं होमस्टे चलाता है, अपने रिहायशी मकान और कारोबार के ठिकाने पर नशे का सामान छिपाकर रखता है। सूचना के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई करते हुए उसके रिहायशी मकान की तलाशी ली।
तलाशी के दौरान पुलिस को 1.624 किलोग्राम अफीम और 1.622 किलोग्राम चरस प्लास्टिक के लिफाफों में बरामद हुई। इसके बाद धनीराम को मौके पर ही गिरफ्तार कर लिया गया।
आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट की धारा 18 और 20 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। अदालत ने उसे चार दिन की पुलिस रिमांड पर भेज दिया है ताकि इस नशे की खेप के स्रोत और नेटवर्क का खुलासा किया जा सके।
इस पूरे मामले की पुष्टि एसपी सोलन गौरव सिंह सातन ने की है। उन्होंने बताया कि पुलिस यह जांच कर रही है कि आरोपी यह नशा कहां से लाता था और किन लोगों तक पहुंचाने वाला था।
पुलिस की यह कार्रवाई इलाके में नशा तस्करी पर बड़ा प्रहार मानी जा रही है और आगे इससे जुड़े अन्य तस्करों की भी गिरफ्तारी संभव है।