हिमाचल के युवा राहुल गुप्ता को केंद्र सरकार से पेटेंट, आईआईटी कानपुर में शोध कार्य को मिली मान्यता
बिलासपुर/19/09/2025
हिमाचल प्रदेश के मंडी जिले के होनहार युवा राहुल गुप्ता ने विज्ञान और शिक्षा के क्षेत्र में प्रदेश का नाम रोशन किया है। वर्तमान में आईआईटी कानपुर से केमिकल इंजीनियरिंग में पीएचडी कर रहे राहुल को केंद्र सरकार ने डोलोमाइट मिश्रित माइक्रो नैनो फर्टिलाइजर कंपोजिशन और इसे तैयार करने की विधि पर आधारित पेटेंट प्रदान किया है। यह पेटेंट उनके आईआईटी कानपुर में किए गए शोध कार्य पर आधारित है, जिसका मार्गदर्शन प्रो. निशीथ वर्मा ने किया।
मंडी निवासी राहुल गुप्ता के पिता विजय गुप्ता जलशक्ति विभाग में एसडीओ हैं, जबकि माता प्रतिभा गुप्ता सेंट्रल हेड टीचर के पद पर कार्यरत हैं। राहुल ने अपनी प्रारंभिक शिक्षा जवाहर नवोदय विद्यालय पंडोह से की और एनआईटी हमीरपुर से बीटेक की डिग्री हासिल की, जहां उन्हें ब्रॉन्ज मेडल से भी सम्मानित किया गया। पीएचडी के दौरान राहुल को प्रधानमंत्री शोध फैलोशिप भी मिली।
राहुल के 17 अंतरराष्ट्रीय शोध पत्र और एक पुस्तक अध्याय प्रकाशित हो चुके हैं। इसके अलावा उन्होंने यूनिवर्सिटी ऑफ पडोवा (इटली), यूनिवर्सिटी ऑफ एवेरियो (पुर्तगाल), आईआईटी रुड़की, एनआईटी हमीरपुर, रायपुर, जालंधर और सूरत समेत कई राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय सम्मेलनों में भाग लिया। हाल ही में उन्हें एनआईटी हमीरपुर में आयोजित एम2कैमएसएफ-2025 सम्मेलन में बेस्ट पोस्टर अवार्ड से सम्मानित किया गया। इससे पहले कैमकॉन सम्मेलन में भी यही अवार्ड उन्हें मिला था।
राहुल ने बताया कि उनकी सफलता का मुख्य आधार परिवार का सहयोग, प्रेरणा और गुरुजनों का मार्गदर्शन रहा है। इस उपलब्धि से हिमाचल के युवाओं के लिए प्रेरणा का एक नया स्रोत तैयार हुआ है और राज्य का नाम देश-विदेश में रोशन हुआ है।