NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

केसीसी बैंक में बड़ा प्रशासनिक फेरबदल, 12 कर्मचारियों का तबादला

धर्मशाला/19/09/2025

KCC BANK

कांगड़ा केंद्रीय सहकारी (केसीसी) बैंक के निदेशक मंडल के भंग होने के बाद बैंक प्रशासन में बड़े स्तर पर बदलाव किया गया है। धर्मशाला से मिली जानकारी के अनुसार, बैंक के नवनियुक्त प्रबंध निदेशक (एमडी) संदीप कुमार ने शुक्रवार को 12 कर्मचारियों की तबादला सूची जारी की। इस फेरबदल में सबसे अधिक चर्चा बैंक के पूर्व चेयरमैन कुलदीप पठानिया के निजी सहायक (पीए) और विशेष कार्य अधिकारी (ओएसडी) के तबादलों को लेकर है। दोनों को धर्मशाला स्थित बैंक मुख्यालय से हटाकर जिला कांगड़ा की विभिन्न शाखाओं में स्थानांतरित किया गया है।

संदीप कुमार द्वारा जारी आदेशों के अनुसार, कुल 12 कर्मचारियों को तत्काल प्रभाव से स्थानांतरित किया गया है, वहीं 2 अन्य अधिकारियों को अतिरिक्त कार्यभार भी सौंपा गया। बैंक के पूर्व एमडी के पीए को अब बैंक के प्रशासक का पीए नियुक्त किया गया है। इसके अलावा, बैंक के विधि अधिकारी (लाॅ ऑफिसर) को मुख्यालय से ऊना स्थित जोनल कार्यालय में स्थानांतरित किया गया है, जहां उन्हें बैंक की रिकवरी से संबंधित कानूनी कार्यवाही की देखरेख का जिम्मा सौंपा गया है।

बैंक प्रशासन का मानना है कि यह कार्रवाई प्रशासक की नियुक्ति के बाद प्रशासनिक प्रक्रिया को पारदर्शी और सुचारू बनाने का एक महत्वपूर्ण कदम है। इससे बैंक के फंसे हुए कर्ज की वसूली में तेजी आएगी और बैंक संचालन अधिक प्रभावी होगा। अधिकारियों का कहना है कि यह कदम बैंक के संगठनात्मक ढांचे को मजबूत करने और कर्मचारियों की जिम्मेदारियों को स्पष्ट रूप से निर्धारित करने की दिशा में भी सहायक साबित होगा।

Scroll to Top