राज्य स्तरीय रैंकिंग टेबल टैनिस प्रतियोगिता इंदिरा गांधी राज्य खेल परिसर में हुई शुरू
शिमला/19/09/2025
चौथी हिमाचल प्रदेश राज्य स्तरीय रैंकिंग टेबल टैनिस प्रतियोगिता शुक्रवार को शिमला स्थित इंदिरा गांधी राज्य खेल परिसर में शुरू हुई। इस प्रतियोगिता का उद्घाटन डैंटल कालेज शिमला के प्रधानाचार्य डॉ. आशु गुप्ता ने मुख्य अतिथि के रूप में किया। उद्घाटन समारोह में हिमाचल प्रदेश टेबल टैनिस संघ के सचिव आधिश राणा, प्रेस सचिव सुदीप महाजन, वरिष्ठ उपाध्यक्ष सोमनाथ प्रामनिक, जिला शिमला टेबल टैनिस संघ के सचिव अभय लखनपाल और जसवंत गांगटा भी मौजूद रहे।
प्रतियोगिता में पूरे प्रदेश से कुल 155 खिलाड़ी भाग ले रहे हैं। पहले दिन के मुकाबलों में गर्ल्स अंडर-11 वर्ग के फाइनल में शिमला की नायशा सिंह ने कांगड़ा की अनाया को 11-9, 6-11, 11-2, 11-5 से हराकर खिताब अपने नाम किया। इससे पहले नायशा ने सैमीफाइनल में शिमला की वैदेही को 11-8, 12-10, 11-6 से हराया था, जबकि दूसरे सैमीफाइनल में अनाया ने शिमला की त्रिशा को 11-7, 11-7, 11-2 से मात दी।
बॉयज अंडर-11 वर्ग के फाइनल में कांगड़ा के अक्षांश ने कांगड़ा के जॉय को 11-6, 6-11, 11-7, 13-15, 11-9 से हराकर खिताब जीता। सैमीफाइनल में अक्षांश ने मंडी के युवराज ठाकुर को 4-11, 7-11, 11-8, 11-8, 11-7 से हराया था, जबकि जॉय ने शिमला के पृथवेश को 11-3, 9-11, 11-7, 11-2 से मात दी।
इस प्रतियोगिता से हिमाचल प्रदेश के युवा खिलाड़ियों को राष्ट्रीय स्तर पर प्रतिस्पर्धा करने का अनुभव मिलेगा और राज्य में खेलों के प्रति जागरूकता और उत्साह बढ़ाने में मदद मिलेगी। प्रतियोगिता के दौरान खिलाड़ियों की तकनीक, धैर्य और खेल कौशल को भी प्रमुखता से परखा जाएगा।