NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

नालागढ़ में डिलीवरी के बाद महिला की मौत, अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही का केस दर्ज

नालागढ़/19/09/2025

maut

नालागढ़: उपमंडल नालागढ़ के एक निजी अस्पताल में डिलीवरी के बाद महिला की मौत का गंभीर मामला सामने आया है। मृतका की पहचान हटड़ा नालागढ़ निवासी दीप कौर, पत्नी विक्रम सिंह के रूप में हुई है। महिला की मौत से गुस्साए परिजनों ने अस्पताल प्रबंधन पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए पुलिस में शिकायत दर्ज करवाई, जिसके बाद पुलिस ने अस्पताल के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार, 18 सितंबर को प्रसव पीड़ा शुरू होने पर परिजन दीप कौर को न्यू नालागढ़ स्थित निजी अस्पताल लेकर आए। जांच के बाद डॉक्टरों ने बड़े ऑपरेशन (सी-सेक्शन) से डिलीवरी करने का निर्णय लिया। ऑपरेशन सफल रहा और दीप कौर ने एक बेटे को जन्म दिया। ऑपरेशन के बाद मां और बच्चा दोनों स्वस्थ बताए गए थे।

परिजनों का आरोप है कि 19 सितंबर की सुबह अचानक दीप कौर को दर्द हुआ। डॉक्टरों ने उन्हें दर्द का इंजेक्शन लगाया, लेकिन इसके कुछ देर बाद उनके शरीर में कोई मूवमेंट नहीं रहा। डॉक्टरों ने स्थिति गंभीर देखते हुए चंडीगढ़ रेफर करने की बात कही, लेकिन परिजनों का कहना है कि रेफर करने से पहले ही दीप कौर की मौत हो चुकी थी। इसके बाद जब उन्हें नालागढ़ के सरकारी अस्पताल ले जाया गया तो वहां के डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

घटना के बाद मृतका के परिजन बुरी तरह आक्रोशित हो उठे और अस्पताल प्रबंधन व डॉक्टरों पर लापरवाही के आरोप लगाते हुए सख्त कार्रवाई की मांग की। मृतका के पति विक्रम सिंह ने कहा कि अगर समय रहते सही उपचार किया जाता तो उनकी पत्नी की जान बच सकती थी।

वहीं, थाना प्रभारी राकेश रॉय ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि परिजनों की शिकायत के आधार पर निजी अस्पताल प्रबंधन के खिलाफ लापरवाही का मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस इस मामले की गहन जांच कर रही है और आगे की कार्रवाई साक्ष्यों व मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर की जाएगी।

यह घटना न केवल परिजनों के लिए गहरी पीड़ा का कारण बनी है, बल्कि स्वास्थ्य सेवाओं की गुणवत्ता और निजी अस्पतालों की कार्यप्रणाली पर भी गंभीर सवाल खड़े करती है।

Scroll to Top