NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

दून विधायक राम कुमार चौधरी का हर्ष महाजन पर पलटवार, कहा – घर आकर दिया था भाजपा में शामिल होने का न्यौता

बद्दी/20/09/2025

bajp

बद्दी। हिमाचल प्रदेश की राजनीति में सियासी बयानबाज़ी तेज हो गई है। दून के विधायक राम कुमार चौधरी ने शुक्रवार को बद्दी में पत्रकार वार्ता कर राज्यसभा सांसद हर्ष महाजन पर तीखा पलटवार किया। चौधरी ने कहा कि हर्ष महाजन झूठ बोलकर लोगों को गुमराह करने की ओछी राजनीति कर रहे हैं। सच यह है कि वे खुद उनके घर आए थे और भाजपा में शामिल होने का न्यौता दिया था। ऐसे में अब निराधार आरोप लगाना उनकी राजनीतिक हताशा को दिखाता है।

सांसद के आरोप और विधायक का जवाब

दरअसल, कुछ दिन पहले बद्दी दौरे के दौरान हर्ष महाजन ने एक जनसभा में दून विधायक और उनकी धर्मपत्नी पर आरोप लगाया था कि दोनों उनसे चंडीगढ़ में मिलकर भाजपा में शामिल होने की गुहार लगा रहे थे। साथ ही यह भी कहा कि विधायक अपने अवैध कारोबार के डर से भाजपा का सहारा लेना चाहते थे।

इन आरोपों का जवाब देते हुए विधायक राम कुमार चौधरी ने कहा कि हर्ष महाजन जैसे नेता, जिन्होंने खुद कांग्रेस को धोखा देकर भाजपा का दामन थाम लिया, उन्हें ऐसे निराधार बयान शोभा नहीं देते। उन्होंने कहा कि यदि सांसद को चिंता करनी है तो राज्य के ठप्प पड़े फोरलेन मार्ग को स्पीडअप करने और केंद्रीय मदद लाने पर करनी चाहिए, न कि सस्ती राजनीति पर।

कांग्रेस को कमजोर करने का आरोप


चौधरी ने आगे कहा कि हर्ष महाजन कांग्रेस को कमजोर करने की जिम्मेदारी लेकर घूम रहे थे, लेकिन उनके मंसूबे पूरे नहीं हो पाए। “लोग सब देख और समझ रहे हैं। कांग्रेस मजबूत है और ऐसे नेता पार्टी को हिला नहीं सकते।” – उन्होंने जोड़ा।

कांग्रेस कार्यकर्ताओं की मौजूदगी

इस मौके पर दून ब्लॉक कांग्रेस प्रधान कुलतार मेहता, पूर्व प्रधान अच्छरपाल कौशल, मान सिंह कुंडलस, ब्लॉक यूथ कांग्रेस अध्यक्ष कुलवीर चौधरी, उपप्रधान बिल्लू खान, सुरेंद्र कुमार, चन्नू, अभी चौधरी, दिनेश और मितू सैणी सहित कई कार्यकर्ता मौजूद रहे और विधायक का समर्थन किया।

यह ताज़ा बयानबाज़ी साफ़ दिखा रही है कि दून क्षेत्र में कांग्रेस और भाजपा की सियासत आमने-सामने है और आने वाले दिनों में यह विवाद और गरमाने वाला है।

Scroll to Top