NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

एशिया कप 2025: क्या पाकिस्तानी खिलाड़ियों से फिर किनारा करेंगे सूर्यकुमार यादव?

हैदराबाद/20/09/2025

BHARTAPAK

हैदराबाद: एशिया कप 2025 का सुपर फोर चरण आज से शुरू हो गया है। पहले मुकाबले में श्रीलंका और बांग्लादेश आमने-सामने होंगे, जबकि दूसरा हाई-वोल्टेज मैच भारत और पाकिस्तान के बीच खेला जाएगा। इस मुकाबले से पहले भारतीय कप्तान सूर्यकुमार यादव का बयान चर्चा में है। उन्होंने ओमान के खिलाफ जीत के बाद पोस्ट-मैच प्रेजेंटेशन में पाकिस्तान का नाम लेने से परहेज किया। इस बयान से कयास लगने लगे हैं कि भारत और पाकिस्तान के खिलाड़ियों के बीच हैंडशेक विवाद एक बार फिर तूल पकड़ सकता है।

दरअसल, सूर्यकुमार से जब पूर्व भारतीय बल्लेबाज संजय मांजरेकर ने अगले मुकाबले पर सवाल किया, तो उन्होंने सिर्फ इतना कहा कि टीम सुपर फोर के लिए पूरी तरह तैयार है। उन्होंने प्रतिद्वंदी पाकिस्तान का नाम लेने से साफ बचते हुए बयान दिया। इसके बाद से यह कयास तेज हो गए हैं कि भारतीय टीम अगले मैच में भी पाकिस्तानी खिलाड़ियों से हाथ मिलाने से परहेज कर सकती है।

गौरतलब है कि 14 सितंबर को दुबई में खेले गए भारत-पाकिस्तान ग्रुप स्टेज मुकाबले में भारतीय टीम ने पाकिस्तान खिलाड़ियों से हैंडशेक करने से इनकार कर दिया था। उस मैच में भारत ने पाकिस्तान को सात विकेट से हराया था। विवाद के बाद पाकिस्तान क्रिकेट बोर्ड (PCB) ने मैच रेफरी एंडी पाइक्राफ्ट को बदलने की मांग की थी और यहां तक कि यूएई के खिलाफ मैच न खेलने की धमकी भी दी थी। हालांकि, बाद में पीसीबी रेफरी की माफी के बाद मैच खेलने को तैयार हुआ, लेकिन इस पूरे मामले पर आईसीसी ने अब तक कोई आधिकारिक बयान नहीं दिया है।

अब जब एशिया कप 2025 का सुपर फोर मुकाबला भारत और पाकिस्तान के बीच होने वाला है, क्रिकेट जगत में यही चर्चा है कि क्या सूर्यकुमार यादव और उनकी टीम फिर से पाकिस्तानी खिलाड़ियों को नजरअंदाज करेंगे या मैदान पर हालात बदलेंगे।

Scroll to Top