ऊना में हरोली की ग्राम पंचायत रोड़ा में बनेगा सैनिक सदन, पूर्व सैनिकों को बड़ी सौगात
ऊना/20/09/2025
उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री के सतत प्रयासों से ऊना जिले के पूर्व सैनिकों को बड़ी सौगात मिली है। लंबे समय से प्रतीक्षित सैनिक सदन का निर्माण अब हकीकत बनने जा रहा है। जिला प्रशासन ने हरोली उपमंडल की ग्राम पंचायत रोड़ा में इस उद्देश्य के लिए 4 कनाल भूमि सैनिक कल्याण विभाग को हस्तांतरित कर दी है।
जिले में करीब 13 हजार पूर्व सैनिक हैं और उनके परिवारों के लिए विशेष सुविधाओं की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। उपमुख्यमंत्री मुकेश अग्निहोत्री ने इस मुद्दे को प्राथमिकता देते हुए इसे तेजी से सिरे चढ़ाया। उन्होंने कहा कि हमारे सैनिक देश की सीमाओं पर हमारे लिए खड़े रहते हैं। उनकी सेवा और सम्मान हमारी सर्वोच्च प्राथमिकता है। सैनिक सदन न केवल पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों की समस्याओं के समाधान का केंद्र बनेगा, बल्कि यह उनके सम्मान का प्रतीक भी होगा।
उपायुक्त जतिन लाल ने कहा कि जिला प्रशासन सैनिक कल्याण के लिए प्रतिबद्ध है और सदन का निर्माण समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाएगा, ताकि पूर्व सैनिक जल्द से जल्द इसका लाभ प्राप्त कर सकें।
जिला सैनिक कल्याण के उप निदेशक कर्नल एस. के. कालिया ने बताया कि सैनिक सदन का नक्शा पूर्व सैनिकों की आवश्यकताओं के अनुसार तैयार किया जा रहा है। इसमें सभागार, ठहरने की सुविधाओं के साथ अन्य जरूरी व्यवस्थाएं भी शामिल होंगी, ताकि सभी पूर्व सैनिक एवं उनके परिवार इसका लाभ उठा सकें।
इस कदम से पूर्व सैनिकों और उनके परिवारों को सम्मान और सुविधा दोनों का लाभ मिलेगा, और यह भवन उनके कल्याण में एक महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।