शाहपुर में फोरलेन निर्माण के दौरान पोकलेन मशीन पर गिरा मकान
कांगड़ा/20/09/2025
कांगड़ा जिले के शाहपुर में शनिवार सुबह फोरलेन निर्माण कार्य के दौरान एक बड़ा हादसा टल गया। चीलगाड़ी इलाके में पठानकोट-मंडी नेशनल फोरलेन निर्माण के दौरान एक घर का हिस्सा अचानक पोकलेन मशीन पर गिर गया। गनीमत रही कि इस घटना में किसी की जान नहीं गई।
बताया जा रहा है कि यह मकान पहले ही खाली कर दिया गया था। सुबह पोकलेन मशीन घर के पास खुदाई का काम कर रही थी, तभी अचानक मकान का एक बड़ा हिस्सा ढह गया और सीधे मशीन पर गिर गया। हादसे के समय पोकलेन मशीन का ड्राइवर रोहित अपनी सूझबूझ और फुर्ती के कारण समय रहते मौके से भागकर सुरक्षित रह गया।
हादसे के बाद दूसरी पोकलेन मशीन को तुरंत बुलाया गया ताकि गिरी हुई मशीन पर से मलबा हटाया जा सके। इस घटना से आसपास के अन्य घरों के लिए भी खतरा पैदा हो गया, क्योंकि फोरलेन निर्माण के चलते खुदाई से जमीन कमजोर हो रही है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि पिछले दो साल से चल रहे पठानकोट-मंडी नेशनल फोरलेन के निर्माण कार्य के कारण उन्हें कई परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। कुछ हफ्ते पहले भी शाहपुर बाजार में फोरलेन निर्माण के दौरान एक घर के पास खुदाई की गई थी, लेकिन तब समय रहते नाली को भरकर स्थिति को संभाल लिया गया था।
यह घटना एक बार फिर से फोरलेन निर्माण कार्य की सुरक्षा मानकों पर सवाल खड़ा करती है और यह दिखाती है कि निर्माण स्थल पर सतर्कता कितना जरूरी है।