शिमला में एटीएम डकैती की नाकाम कोशिश, बदमाश नकदी निकालने में असफल
शिमला/20/09/2025
शिमला के चौपाल थाना क्षेत्र में एक शातिर ने स्टेट बैंक ऑफ इंडिया (एसबीआई) के एटीएम में डाका डालने की कोशिश की, लेकिन सफल नहीं हो पाया। रात के अंधेरे में हुए इस प्रयास में आरोपी ने एटीएम मशीन को तोड़ने की कोशिश की, मगर नकदी निकालने में असफल रहा।
घटना 18 सितंबर की रात करीब 1 बजे की बताई जा रही है। एटीएम में लगे सीसीटीवी कैमरों ने आरोपी की गतिविधियों और चेहरे की स्पष्ट तस्वीरें रिकॉर्ड कर ली हैं। बैंक शाखा प्रबंधक नथु राम जस्टा ने तुरंत पुलिस को जानकारी दी और थाना चौपाल में लिखित शिकायत दर्ज करवाई।
पुलिस ने आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 331(2), 305(ई), 62 और 324(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फुटेज की मदद से आरोपी की पहचान की कोशिशें की जा रही हैं और उसे गिरफ्तार करने के लिए दबिश तेज कर दी गई है।
यह घटना चौपाल क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाती है, जबकि पुलिस और बैंक प्रशासन ने सुरक्षा बढ़ाने के लिए तुरंत कदम उठाए हैं।