NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

अमेरिका में H1B वीजा फीस बढ़ोतरी पर भारत सरकार की प्रतिक्रिया

AMERICA MODI

अमेरिका द्वारा H1B वीजा पर फीस बढ़ाने के फैसले पर भारत सरकार ने चिंता जाहिर की है। विदेश मंत्रालय ने कहा है कि इस फैसले के सभी पहलुओं का गहन अध्ययन किया जा रहा है और भारतीय उद्योग समेत सभी संबंधित पक्ष इस पर काम कर रहे हैं।

विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता रणधीर जायसवाल ने बताया कि भारत ने अमेरिकी H1B वीजा कार्यक्रम से जुड़े प्रस्तावित प्रावधानों और प्रतिबंधों पर आई रिपोर्ट्स का संज्ञान लिया है। उन्होंने कहा कि इस मुद्दे पर भारतीय उद्योग जगत ने पहले ही प्रारंभिक विश्लेषण प्रस्तुत कर कुछ गलतफहमियों को दूर किया है।

भारत सरकार का मानना है कि H1B वीजा के जरिए दोनों देशों के बीच कुशल प्रतिभाओं का आदान-प्रदान हुआ है, जिसने अमेरिका और भारत में टेक्नोलॉजी विकास, नवाचार, आर्थिक वृद्धि और प्रतिस्पर्धात्मकता को मजबूती दी है। मंत्रालय ने उम्मीद जताई कि अमेरिकी प्रशासन इन पारस्परिक लाभों को देखते हुए इस विषय को संतुलित और उचित तरीके से हल करेगा।

भारत ने यह भी कहा कि इस फैसले से प्रभावित भारतीय परिवारों को कठिनाइयों का सामना करना पड़ सकता है। ऐसे में अमेरिकी अधिकारियों को चाहिए कि वे इससे जुड़े मुद्दों का उचित समाधान निकालें।

गौरतलब है कि अमेरिका के राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने H1B वीजा की फीस को 1 लाख डॉलर तक बढ़ाने का प्रस्ताव रखा है। चूंकि इस श्रेणी में मिलने वाले 70 प्रतिशत से अधिक वीजा भारतीय नागरिकों को जारी होते हैं, इसलिए इस निर्णय का सबसे ज्यादा असर भारत पर पड़ने की संभावना है।

Scroll to Top