चंबा हादसा: मेडिकल कॉलेज इंटर्न की कार रावी नदी में गिरी, 1 की मौत, 1 लापता
चंबा/21/09/2025
रविवार सुबह लगभग 3 बजे पंडित जवाहरलाल नेहरू मेडिकल कॉलेज चंबा के चार एमबीबीएस इंटर्न डॉक्टरों की स्विफ्ट कार रावी नदी में गिर गई। हादसे में अखिलेश (हमीरपुर) की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि इशिका (रोहडू, शिमला) नदी में बह गई और अभी भी लापता है।
रिशांत मस्ताना (शिमला) और दिव्यांक (सोलन) गंभीर रूप से घायल हैं और उनका उपचार मेडिकल कॉलेज चंबा में चल रहा है। जानकारी के अनुसार, चारों इंटर्न अपने घर लौट रहे थे, जब परेल के पास कार अनियंत्रित होकर खाई में गिर गई।
पुलिस और बचाव दल ने तुरंत मौके पर पहुंचकर राहत कार्य शुरू किया। अखिलेश का शव नदी से बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया। इशिका की तलाश के लिए रेस्क्यू ऑपरेशन जारी है।
एसपी चंबा अभिषेक यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में संकेत मिल रहे हैं कि चालक ने वाहन पर नियंत्रण खो दिया था। मेडिकल कॉलेज प्रशासन ने भी हादसे पर गहरा दुःख व्यक्त किया है।