NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

हिमाचल में 100 सरकारी स्कूल होंगे सीबीएसई से संबद्ध, शिक्षकों के लिए बनेगा अलग कैडर

शिमला/21/09/2025

IMAGES

हिमाचल प्रदेश सरकार ने राज्य के 100 सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक स्कूलों को अगले शैक्षणिक सत्र से केंद्रीय माध्यमिक शिक्षा बोर्ड (सीबीएसई) से संबद्ध करने का निर्णय लिया है। इस कदम के तहत इन स्कूलों में शिक्षकों का अलग सब-केडर बनाया जाएगा। मौजूदा शिक्षकों को इस सब-केडर को चुनने का विकल्प दिया जाएगा।

प्रधानाचार्य, शिक्षक और गैर-शिक्षण कर्मचारियों का चयन योग्यता, अकादमिक उत्कृष्टता और सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में योगदान के आधार पर किया जाएगा। कर्मचारियों को प्रोत्साहित करने के लिए मौद्रिक और गैर-मौद्रिक प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन योजना भी शुरू की जाएगी।

शिक्षा सचिव राकेश कंवर ने बताया कि यह प्रक्रिया जल्द ही शुरू की जाएगी। यह पहल स्कूल शिक्षा बोर्ड से जुड़े स्कूलों और सीबीएसई से जुड़े स्कूलों के बीच प्रतिस्पर्धा बढ़ाने के उद्देश्य से की गई है।

राज्य सरकार की योजना हर विधानसभा क्षेत्र में कम से कम एक सीबीएसई स्कूल खोलने की है। साथ ही, विद्यार्थियों के शैक्षणिक परिणाम, पोषण, खेलकूद, कला, कौशल विकास, सुधारात्मक शिक्षण, परामर्श, कैरियर मार्गदर्शन और कोचिंग पर भी विशेष ध्यान दिया जाएगा। आवश्यकतानुसार अतिरिक्त पद भी सृजित किए जाएंगे।

मुख्यमंत्री सुखराम चौधरी के मार्गदर्शन में यह पहल विद्यार्थियों को भविष्य की चुनौतियों के लिए तैयार करने और शिक्षा का स्तर बढ़ाने के दृष्टिगत की जा रही है।

Scroll to Top