पांवटा साहिब में खंडहर मकान की दीवार गिरी, 9 साल के बच्चे की मौत
हिमाचल डेस्क/21/09/2025
हिमाचल प्रदेश के सिरमौर जिले के पांवटा साहिब उपमंडल के मिश्रवाला क्षेत्र में रविवार को एक बड़ा हादसा हो गया। यहां खंडहरनुमा पुराने मकान की दीवार अचानक ढह गई, जिसकी चपेट में आने से 9 वर्षीय दिव्यांशु नामक मासूम की मौत हो गई, जबकि उसका साथी खुशवंश गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है।
मिली जानकारी के अनुसार, मिश्रवाला निवासी दिव्यांशु (पुत्र ज्ञान चंद) और खुशवंश (पुत्र रोहित) घर के पास स्थित एक पुराने और जर्जर मकान में खेल रहे थे। खेलते-खेलते अचानक मकान की दीवार भरभराकर गिर पड़ी और दोनों बच्चे मलबे के नीचे दब गए। हादसे की आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंचे और तुरंत दोनों बच्चों को मलबे से बाहर निकाला।
स्थानीय लोगों ने घायल बच्चों को तुरंत नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। डॉक्टरों ने जांच के बाद दिव्यांशु को मृत घोषित कर दिया। वहीं खुशवंश की हालत नाजुक देख उसे बेहतर इलाज के लिए रेफर किया गया और बाद में यमुनानगर अस्पताल ले जाया गया, जहां उसका उपचार जारी है।
इस घटना की सूचना अस्पताल से माजरा पुलिस थाना को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की। सिरमौर के एसपी एनएस नेगी ने हादसे की पुष्टि करते हुए बताया कि मृतक बच्चे का पोस्टमार्टम करवाकर शव परिजनों को सौंप दिया गया है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
इस दुखद हादसे के बाद पूरे क्षेत्र में गम का माहौल है। ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि गांवों में मौजूद खंडहर और जर्जर मकानों को जल्द से जल्द हटाया जाए, ताकि भविष्य में बच्चों और ग्रामीणों की जान पर इस तरह का खतरा न बने।