NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

बिलासपुर के शहीद लांस दफादार बलदेव चंद को सैन्य सम्मान के साथ दी अंतिम विदाई

बिलासपुर/उधमपुर/21/09/2025

BALDEV

बिलासपुर। जम्मू-कश्मीर के दुर्गम डुडु-बसंतगढ़ क्षेत्र में आतंकियों के साथ हुई भीषण मुठभेड़ में हिमाचल प्रदेश के लांस दफादार बलदेव चंद शहीद हो गए। बलदेव चंद 4 राष्ट्रीय राइफल्स में तैनात थे और शुक्रवार रात करीब 8 बजे शुरू हुई मुठभेड़ में गंभीर रूप से घायल हो गए थे। उन्हें तुरंत चिकित्सा सुविधा मुहैया कराई गई, लेकिन उनकी जान नहीं बचाई जा सकी। मुठभेड़ उस समय शुरू हुई जब सेना और पुलिस के स्पेशल ऑपरेशन ग्रुप की टीम तलाशी अभियान में लगी थी। आतंकवादियों ने गोलीबारी शुरू कर दी, जिसमें बलदेव चंद घायल हुए।

बलदेव चंद की पार्थिव देह रविवार को उनके पैतृक गांव थीह पहुंची। पूरे गांव में शोक की लहर दौड़ गई और उन्हें सैन्य सम्मान के साथ अंतिम विदाई दी गई। इस दौरान पूरा क्षेत्र “भारत माता की जय” और “बलदेव चंद अमर रहे” के नारों से गूंज उठा। शहीद के साथियों ने उनकी शहादत को सम्मान देते हुए बाइक पर तिरंगा रैली भी निकाली।

बलदेव चंद वर्ष 2011 में सेना में भर्ती हुए थे। उनके पिता सेवानिवृत्त हवलदार बिशन दास हैं, और ताया व चाचा भी सेना में सेवाएं दे चुके हैं। बलदेव अपने पीछे सात साल के बेटे, पत्नी, भाई और मां-बाप को छोड़ गए। उनका बलिदान पूरे इलाके में गर्व और सम्मान का विषय बन गया।

मुख्यमंत्री सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने कहा कि बलदेव ने सीमाओं की रक्षा करते हुए प्राण न्योछावर किए हैं। उनका बलिदान हमेशा याद रखा जाएगा। मुख्यमंत्री ने आश्वस्त किया कि सरकार इस कठिन समय में परिवार की हर संभव मदद करेगी और शहीद परिवार के हर संकट का समाधान किया जाएगा।

सुरक्षाबलों ने इलाके में आतंकियों की घेराबंदी कर रखी है। खुफिया जानकारी के अनुसार इलाके में दो से तीन पाकिस्तानी आतंकवादी फंसे हो सकते हैं। अतिरिक्त सुरक्षा बल मौके पर तैनात किए गए हैं, जबकि हवाई निगरानी के लिए हेलीकॉप्टर और ड्रोन का इस्तेमाल किया गया है।

MAUT
Scroll to Top