हिमाचल प्रदेश व्यवसायिक शिक्षक संघ ने ट्रैफिक वॉलंटियर योजना में निजी सुरक्षा विषय के विद्यार्थियों को प्राथमिकता देने की मांग की
शिमला/21/09/2025
हिमाचल प्रदेश व्यवसायिक शिक्षक संघ ने राज्य सरकार से आग्रह किया है कि हाल ही में शुरू की गई ट्रैफिक वॉलंटियर योजना में विद्यालयों में व्यावसायिक शिक्षा प्राप्त कर रहे निजी सुरक्षा (Private Security) विषय के विद्यार्थियों को विशेष प्राथमिकता दी जाए। इस योजना के तहत आम नागरिकों को ट्रैफिक प्रबंधन के लिए प्रति घंटा 40 रुपये मानदेय दिया जाएगा।
संघ का कहना है कि 12वीं कक्षा पास कर चुके ऐसे विद्यार्थी, जिन्होंने विद्यालय स्तर पर निजी सुरक्षा विषय में प्रशिक्षण प्राप्त किया है, ट्रैफिक नियंत्रण और सड़क सुरक्षा कार्यों में अधिक सक्षम और दक्ष साबित हो सकते हैं। यदि इन विद्यार्थियों को इस योजना में अवसर प्रदान किया जाता है तो उन्हें रोजगार का नया मार्ग मिलेगा और अन्य विद्यार्थियों को भी व्यावसायिक शिक्षा अपनाने के लिए प्रोत्साहन मिलेगा।
हिमाचल प्रदेश व्यवसायिक शिक्षक संघ के प्रधान अश्वनी डटवालिया और निजी सुरक्षा विषय के प्रतिनिधि शिवानंद शर्मा ने कहा कि सरकार द्वारा इस दिशा में उठाया गया कदम व्यवसायिक शिक्षा को बढ़ावा देने में महत्वपूर्ण साबित होगा और प्रदेश में कौशल आधारित शिक्षा को मजबूत करेगा।