हिमाचल प्रदेश जलशक्ति विभाग लैब कर्मचारी संघ की नई कार्यकारिणी का चुनाव सम्पन्न
शिमला/22/09/2025
शिमला। हिमाचल प्रदेश जलशक्ति विभाग जल परीक्षण प्रयोगशाला कर्मचारी संघ की कार्यकारिणी का त्रैवार्षिक कार्यकाल समाप्त होने के बाद नई कार्यकारिणी का चुनाव शिमला में सम्पन्न हुआ। चुनाव की अध्यक्षता जलशक्ति विभाग अराजपत्रित कर्मचारी महासंघ के प्रदेशाध्यक्ष एल.डी. चौहान ने की।
नवगठित कार्यकारिणी में जिला ऊना से अरुण कुमार सिंह प्रदेशाध्यक्ष, शिमला से राजीव भारद्वाज महासचिव, हमीरपुर से अनिल कुमार कोषाध्यक्ष, सोलन से सुरेश वर्मा वरिष्ठ उपाध्यक्ष, ऊना से राजेश शर्मा उपाध्यक्ष और कांगड़ा से सनी कुमार प्रेस-मीडिया सचिव चुने गए। चुनाव उपरांत एल.डी. चौहान ने सभी पदाधिकारियों को पद एवं गोपनीयता की शपथ दिलाई और कहा कि महासंघ सदैव संगठन का मार्गदर्शन करता रहेगा।
इस मौके पर चौहान ने स्पष्ट किया कि विभाग में कुछ कर्मचारी संगठन ऐसे हैं जो बिना तय समय पर चुनाव कराए या रजिस्ट्रेशन कराए ही अपने पदाधिकारी नियुक्त कर लेते हैं और विभाग में अनावश्यक पत्राचार करते हैं। अब ऐसे संगठनों पर विभागीय कार्यवाही शुरू हो चुकी है।
वहीं, नवनिर्वाचित प्रदेशाध्यक्ष अरुण कुमार सिंह ने कहा कि प्रयोगशाला कर्मचारियों के साथ लंबे समय से भेदभाव हो रहा है। उन्होंने कहा कि उनकी श्रेणी के लिए न्यूनतम योग्यता बीएससी निर्धारित है, इसके बावजूद उन्हें अपेक्षाकृत कम वेतन दिया जाता है। साथ ही, जहां एक बेलदार पदोन्नति पाकर अधीक्षक तक बन सकता है, वहीं असिस्टेंट केमिस्ट के लिए पदोन्नति का कोई प्रावधान नहीं है। इसे सरासर अन्याय बताते हुए उन्होंने प्रदेश सरकार से असिस्टेंट केमिस्ट वर्ग की वेतन विसंगति दूर करने और उन्हें चीफ केमिस्ट के पद तक पदोन्नति का रास्ता उपलब्ध कराने की मांग की।
उन्होंने जोर देकर कहा कि जनता को शुद्ध पेयजल उपलब्ध करवाने की अहम जिम्मेदारी प्रयोगशाला कर्मचारियों की होती है, इसलिए सरकार को उनकी समस्याओं और मांगों को गंभीरता से लेकर शीघ्र समाधान करना चाहिए।