अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास चौथी बार दिखा संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन, BSF का सर्च ऑपरेशन जारी
जम्मू/22/09/2025
जम्मू-कश्मीर में भारत-पाकिस्तान अंतरराष्ट्रीय सीमा के पास एक बार फिर संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन देखे जाने की घटना सामने आई है। यह मामला रविवार शाम का है जब अरनिया सेक्टर के नजदीक सीमा क्षेत्र में करीब 7 बजे ड्रोन मंडराता हुआ दिखाई दिया। सीमा सुरक्षा बल (BSF) के जवानों ने तुरंत अलर्ट जारी कर इलाके में तलाशी अभियान शुरू कर दिया।
इस माह में यह चौथी बार है जब भारतीय सीमा में ड्रोन की गतिविधि देखी गई है। इससे पहले 16 सितंबर को भी इसी इलाके में संदिग्ध पाकिस्तानी ड्रोन नजर आया था। लगातार हो रही इन घटनाओं से सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ गई है। अधिकारियों के अनुसार, ऐसे ड्रोन का इस्तेमाल अक्सर हथियारों, गोला-बारूद और ड्रग्स की तस्करी के लिए किया जाता है। कई मामलों में पाकिस्तानी तस्कर ड्रोन के जरिए नशीले पदार्थ भारतीय सीमा में गिराने की कोशिश कर चुके हैं।
सूत्रों ने बताया कि अरनिया सेक्टर में दिखाई दिए इस ड्रोन के पीछे भी ऐसी ही साजिश होने की आशंका है। फिलहाल सुरक्षा बलों ने पूरे इलाके को खंगाला है और ड्रोन की गतिविधियों पर लगातार नजर रखी जा रही है।
बीएसएफ ने साफ किया है कि सीमा पार से इस तरह की हर हरकत का जवाब मुंहतोड़ तरीके से दिया जाएगा और किसी भी साजिश को कामयाब नहीं होने दिया जाएगा। वहीं, खुफिया एजेंसियां भी लगातार सक्रिय हैं ताकि सीमा पार से ड्रोन के जरिए हो रही तस्करी को रोका जा सके।