चंबा में सड़क हादसा: रावी नदी में गिरी कार, 1 इंटर्न की मौत, महिला डॉक्टर 24 घंटे बाद भी लापता
चंबा/22/09/2025
चंबा। हिमाचल प्रदेश के चंबा जिले में एक भयानक सड़क हादसा सामने आया है। मेडिकल कॉलेज चंबा के चार इंटर्न डॉक्टर अपनी कार में घर लौट रहे थे, तभी रावी नदी के पास परेल घार में उनका वाहन गहरी खाई में गिर गया। इस हादसे में एक इंटर्न की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि एक महिला डॉक्टर डॉ. इशिका शर्मा नदी में बह गई और 24 घंटे बीत जाने के बाद भी उसका कोई सुराग नहीं मिला है। हादसे में दो अन्य डॉक्टर गंभीर रूप से घायल हुए हैं।
घटना सोमवार तड़के करीब 3 बजे हुई। चालक के वाहन पर नियंत्रण खोने के कारण कार अनियंत्रित होकर सीधे खाई में जा गिरी। हादसे की आवाज सुनकर स्थानीय लोग और पुलिस तुरंत मौके पर पहुंचे। उन्होंने घायलों को बचाया और मृतक का शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
मृतक और लापता की पहचान:
मृतक: अखिलेश, निवासी बड़सर, हमीरपुर
लापता: डॉ. इशिका शर्मा, निवासी रोहड़ू, शिमला
घायल: इरिशांत मस्ताना (शिमला) और दिव्यांक (सोलन)
घायलों को तुरंत चंबा मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया है। दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है। लापता महिला डॉक्टर की तलाश में पुलिस और गोताखोरों की टीम लगातार रेस्क्यू ऑपरेशन कर रही है। तेज बहाव वाले पानी के कारण अभी तक उनका कोई पता नहीं चल पाया है।
SP चंबा अभिषेक यादव ने बताया कि प्रारंभिक जांच में हादसा वाहन पर नियंत्रण खो जाने के कारण हुआ प्रतीत हो रहा है। पुलिस ने मामला दर्ज कर आगे की कार्रवाई शुरू कर दी है।
परिजन और स्थानीय लोग लापता महिला डॉक्टर की सुरक्षित वापसी की उम्मीद कर रहे हैं। अगर किसी को डॉ. इशिका शर्मा के बारे में कोई जानकारी मिले, तो उन्हें तुरंत +91 9034550427 पर सूचित करने की अपील की गई है।