NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

कांगड़ा में घर में हाइब्रिड भांग खेती का भंडाफोड़, आरोपी गिरफ्तार

कांगड़ा/22/09/2025

bhang

कांगड़ा। हिमाचल प्रदेश के कांगड़ा जिले में पुलिस ने घर के अंदर हाइब्रिड तकनीक से भांग की खेती का भंडाफोड़ किया। आरोपी अपने घर के कमरों और छत पर भांग उगा रहा था और इसे विदेशी पर्यटकों को बेच रहा था। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर खेती को नष्ट किया।

जानकारी के अनुसार, रौंखर का रहने वाला आरोपी मैक्लोड़गंज में करंसी एक्सचेंज का काम करता था। उसने अपने घर के कमरों में 24 डिग्री तापमान बनाए रखने के लिए पंखे और थर्मामीटर लगाए थे। पानी की हल्की बोछार के लिए पाइपलाइन भी लगी थी। पौधों को तारों पर सुखाने की व्यवस्था भी की गई थी।

एसपी कांगड़ा अशोक रत्न के निर्देशन में स्पेशल इन्वेस्टिगेशन यूनिट ने आरोपी के नगरोटा बगवां स्थित घर पर छापा मारा। एएसपी वीर बहादुर की मौजूदगी में पुलिस ने 23 भांग के पौधे, 13 कलमें, 27 पौधे रस्सियों पर बंधे, तीन पोलीथीन लिफाफों में सूखी पत्तियां, 11 अमेरिकी डॉलर, नेपाली मुद्रा और 13,300 रुपये बरामद किए।

पुलिस के अनुसार यह पूरे प्रदेश में ऐसा पहला मामला है जिसमें घर के अंदर हाइब्रिड तरीके से भांग की खेती की जा रही थी। आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू कर दी गई है।

Scroll to Top