रूस 2026 तक भारत को S-400 मिसाइल देगा, पाकिस्तान चिंतित
मॉस्को/23/09/2025
मॉस्को: रूस 2026 तक भारत को पांच S-400 ट्रायम्फ वायु रक्षा प्रणालियों की आपूर्ति पूरी करेगा। सरकारी समाचार एजेंसी ‘तास’ ने रक्षा सूत्रों के हवाले से बताया कि इनमें से चार प्रणालियों की आपूर्ति पहले ही हो चुकी है और पांचवीं प्रणाली अगले साल भारत को मिलेगी।
इस डिफेंस सौदे पर औपचारिक रूप से 5 अक्टूबर 2018 को हस्ताक्षर किए गए थे। कुल सौदे की कीमत 5.43 अरब अमेरिकी डॉलर (लगभग 40,000 करोड़ रुपये) है। अमेरिकी अधिकारियों ने इस खरीद को लेकर चेतावनी दी थी कि भारत को रूस से S-400 खरीदने पर प्रतिबंध का सामना करना पड़ सकता है, लेकिन भारत ने इसे नजरअंदाज किया।
केंद्रीय राज्य मंत्री संजय सेठ ने मॉस्को की रेड स्क्वायर पर विजय दिवस परेड के दौरान कहा कि मई में ऑपरेशन सिंदूर के दौरान S-400 वायु रक्षा मिसाइलें बहुत प्रभावी साबित हुईं। उन्होंने यह भी कहा कि भारत और अधिक मिसाइल प्रणालियों की खरीद में रुचि दिखा रहा है और वह उन्नत S-500 मिसाइल प्रणाली हासिल करने की संभावना तलाश रहा है।
भारत ने 7 मई को ऑपरेशन सिंदूर शुरू किया था, जिसका मकसद 22 अप्रैल को पहलगाम में हुए आतंकवादी हमले के जवाब में पाकिस्तान और पाक अधिकृत कश्मीर में आतंकवादी ढांचे को निशाना बनाना था। उस हमले में 26 नागरिक मारे गए थे।
S-400 प्रणाली की आपूर्ति से भारत की वायु रक्षा क्षमताओं को और मजबूती मिलेगी, जिससे पाकिस्तान की चिंता बढ़ गई है। यह सौदा भारत और रूस के बीच रक्षा सहयोग की अहम मिसाल माना जा रहा है।