NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

GST कटौती से ऑटो बिक्री में उछाल, मारुति ने एक दिन में 25,000 कारें डिलीवर कीं

मुंबई/23/09/2025

maurti

मुंबई: ऑटोमोबाइल सेक्टर ने त्योहारों के सीजन में जोरदार रफ्तार पकड़ ली है। जीएसटी दरों में कटौती और कंपनियों द्वारा कीमतों में की गई कमी से ग्राहकों का उत्साह बढ़ा है। मारुति सुजुकी ने एक ही दिन में 25,000 से अधिक कारें डिलीवर कीं और 18 सितंबर से अब तक 75,000 से ज्यादा बुकिंग दर्ज हुई हैं। कंपनी को हर दिन लगभग 15,000 नई बुकिंग मिल रही हैं, जो सामान्य दिनों की तुलना में 50% अधिक हैं।

पार्थो बनर्जी, सीनियर एग्जीक्यूटिव ऑफिसर (मार्केटिंग एंड सेल्स) ने बताया कि छोटी कारों की मांग 50% तक बढ़ गई है और कुछ वैरिएंट्स का स्टॉक खत्म होने की स्थिति बन रही है। हुंडई मोटर इंडिया ने भी नवरात्रि के पहले दिन 11,000 डीलर बिलिंग दर्ज कर अपने पांच साल के रिकॉर्ड को तोड़ा। कंपनी के डायरेक्टर और सीओओ तरुण गर्ग ने कहा कि जीएसटी सुधारों ने बाजार में नई ऊर्जा पैदा की है और इसका लाभ पूरी तरह ग्राहकों तक पहुंचाया गया है।

विशेषज्ञों का मानना है कि लंबे समय से सुस्ती झेल रहे ऑटो सेक्टर को जीएसटी कटौती और त्योहारों के माहौल से नई जान मिली है। डीलरशिप्स देर रात तक कारें डिलीवर कर रही हैं और ग्राहकों की भीड़ लगातार बढ़ रही है। आने वाले हफ्तों में कारों की मांग और बिक्री नई ऊंचाइयों को छूने वाली है।

Scroll to Top