NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

हिमाचल को केंद्र से मिले 24,317 करोड़, सुरेश कश्यप ने कांग्रेस सरकार पर साधा निशाना

शिमला/23/09/2025

kashyap

शिमला: भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष और सांसद सुरेश कश्यप ने हिमाचल प्रदेश के उद्योग मंत्री द्वारा की गई प्रेस वार्ता का पलटवार करते हुए राज्य सरकार पर हमला बोला है। कश्यप ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी आपदा प्रभावित क्षेत्रों का हाल जानने के लिए हिमाचल आए और उसके बाद सात केंद्रीय मंत्री धरातल पर रिपोर्ट तैयार कर ले गए, जबकि राज्य सरकार की नदारद लोगों की आंखों में खटक रही थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस के मंत्री आपदा के समय गायब रहे और दोषारोपण भाजपा पर कर रहे हैं।

सुरेश कश्यप ने हिमाचल प्रदेश की कैग रिपोर्ट का हवाला देते हुए कहा कि 2023 और 2024 में राज्य को केंद्रीय करों के हिस्से के रूप में 9,375 करोड़ रुपए, केंद्र से ग्रांट के रूप में 14,942 करोड़ रुपए और कुल ट्रांसफर राशि के रूप में 24,317 करोड़ रुपए मिले। उन्होंने कांग्रेस सरकार से सवाल किया कि क्या कैग रिपोर्ट भी झूठ बोल रही है। कश्यप ने कहा कि भाजपा नेता आंकड़े हवाबाज़ी से नहीं बल्कि दस्तावेजों के आधार पर प्रस्तुत करते हैं।

कश्यप ने कहा कि आपदा के समय लोगों को बचाने का कार्य केवल एसडीआरएफ और एनडीआरएफ की टीमों ने किया, जबकि हिमाचल सरकार धरातल से गायब थी। उन्होंने मणिमहेश यात्रा का उदाहरण देते हुए कहा कि यदि एसडीआरएफ और एनडीआरएफ टीम न होती, तो लोगों और मृतकों को वहां से निकालना संभव नहीं था।

सांसद ने कहा कि यदि केंद्र से पैसा चाहिए, तो प्रदेश सरकार को हिसाब देना होगा। अभी तक राज्य को 5,000 करोड़ रुपए से अधिक की राशि आपदा से निपटने के लिए मिल चुकी है, लेकिन इसका हिसाब प्रदेश सरकार दे नहीं पा रही।

इसके साथ ही उन्होंने बताया कि हिमाचल में आपदा के जख्मों पर अब 2,687 करोड़ रुपए खर्च किए जाएंगे। यह राशि विश्व बैंक द्वारा फंड किए जाने वाले नए प्रोजेक्ट के तहत रिकवरी और पुनर्निर्माण के लिए दी जाएगी। केंद्र सरकार ने इस प्रोजेक्ट के तहत राज्य को यह राशि उपलब्ध कराई है।

Scroll to Top