NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

हिमाचल में स्कूलों का कांप्लेक्स सिस्टम लागू, वरिष्ठ माध्यमिक स्कूल होंगे नोडल-लीडर

school

शिमला। हिमाचल प्रदेश सरकार ने राष्ट्रीय शिक्षा नीति 2020 के लक्ष्यों के अनुरूप राज्य में स्कूल कांप्लेक्स सिस्टम लागू करने के दिशा-निर्देश जारी किए हैं। इसके तहत प्रत्येक वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय को नोडल-लीडर स्कूल बनाया जाएगा और इसके अधीन आसपास के 7-8 प्राथमिक, मिडिल और उच्च विद्यालय शामिल होंगे। इस प्रणाली के तहत पढ़ाई, खेलकूद, सांस्कृतिक गतिविधियाँ और आधारभूत ढांचे का साझा उपयोग होगा, ताकि छोटे स्कूलों में उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग किया जा सके।

शिक्षा सचिव राकेश कंवर ने बताया कि हिमाचल प्रदेश के 87% प्राथमिक स्कूलों में 40 से कम छात्र हैं और कई स्कूल सिंगल टीचर मॉडल पर चल रहे हैं। इससे संगीत, खेल, कला, प्रयोगशाला और पुस्तकालय जैसी गतिविधियाँ छोटे स्कूलों में उपलब्ध नहीं हैं। कांप्लेक्स सिस्टम से शैक्षणिक परिणाम बेहतर होंगे और संसाधनों का समुचित उपयोग सुनिश्चित होगा।

प्रिंसिपलों की जिम्मेदारियों में हर दो माह में अपने अधीनस्थ स्कूलों का निरीक्षण करना, किसी भी स्कूल में शिक्षक की कमी न रहने देना, और आवश्यकता पड़ने पर शिक्षकों का स्थानांतरण शामिल है। इसके अलावा, सभी शिक्षकों का वार्षिक मूल्यांकन और अवकाश स्वीकृति प्रबंधित करना भी प्रिंसिपलों की जिम्मेदारी होगी।

कांप्लेक्स में आने वाले सभी स्कूल प्रयोगशालाएँ, खेल सामग्री, पुस्तकालय और सांस्कृतिक गतिविधियाँ साझा करेंगे। संयुक्त अभिभावक-शिक्षक बैठकें भी आयोजित की जाएंगी। हर साल स्कूलों का ग्रेडिंग सिस्टम लागू होगा: ए (उत्कृष्ट), बी (अच्छा) और सी (आकांक्षी)। सी श्रेणी वाले कांप्लेक्स का निरीक्षण उच्च अधिकारियों द्वारा किया जाएगा।

प्रशासनिक नियंत्रण में, ब्लॉक एलिमेंट्री एजुकेशन ऑफिसर वित्तीय मामलों और सेवा पुस्तिकाओं का संचालन करेंगे। सेंटर हेड टीचर प्राचार्य के प्रशासनिक नियंत्रण में रहेंगे, जबकि हाई स्कूलों के हेडमास्टर पूर्ववत डी.डी.ओ. अधिकारों का प्रयोग जारी रखेंगे। शिक्षा निदेशक सभी प्राचार्यों और शिक्षकों के लिए लीडरशिप ट्रेनिंग प्रोग्राम आयोजित करेंगे ताकि नई व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू किया जा सके।

इस नई प्रणाली से हिमाचल प्रदेश के स्कूलों में शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार और संसाधनों के बेहतर उपयोग की उम्मीद है।

Scroll to Top