दिल्ली इंस्टीट्यूट में 17 छात्राओं के साथ अश्लील हरकत, स्वामी चैतन्यानंद के खिलाफ FIR
नई दिल्ली/24/09/2025
नई दिल्ली। दिल्ली के श्री शारदा इंस्टीट्यूट ऑफ इंडियन मैनेजमेंट में 17 छात्राओं के साथ अश्लील हरकतों की चौंकाने वाली घटना सामने आई है। छात्राओं ने स्वामी चैतन्यानंद सरस्वती (पार्थ सारथी) पर गंभीर आरोप लगाए हैं। संस्थान के प्रशासक पीए मुरली की शिकायत पर वसंत कुंज नॉर्थ थाने में FIR दर्ज की गई। यह संस्थान शारदापीठ शृंगेरी से जुड़ा है।
शिकायत में छात्राओं ने बताया कि EWS स्कॉलरशिप के तहत पढ़ाई कर रही PGDM छात्राओं के साथ आरोपी ने अश्लील मैसेज भेजे, अभद्र भाषा का प्रयोग किया और अवांछित शारीरिक संपर्क बनाया। पीड़ितों का आरोप है कि संस्थान की कुछ महिला फैकल्टी और प्रशासनिक कर्मचारी उन्हें आरोपी की मांगें मानने के लिए दबाव डालती थीं।
पुलिस ने BNS की धारा 75(2), 79, 351(2) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की। जांच के दौरान सीसीटीवी फुटेज जब्त की गई और घटनास्थल व आरोपी के पते पर छापेमारी की गई। आरोपी अब तक फरार है। संस्थान के बेसमेंट में खड़ी वोल्वो कार जब्त की गई, जिस पर फर्जी डिप्लोमैटिक नंबर प्लेट लगी थी।
जांच में 16 पीड़िताओं के बयान न्यायिक मजिस्ट्रेट के सामने दर्ज कराए गए। पुलिस के अनुसार, आरोपी की आखिरी लोकेशन आगरा के पास पाई गई थी। घटना के बाद श्री शारदा संस्थान और मुंगेरी मठ प्रशासन ने आरोपी को सभी पदों से हटा दिया है। पीठ ने आरोपी की गतिविधियों को अवैध, अनुचित और संस्थान के हितों के विपरीत बताया।
इस घटना ने छात्राओं और संस्थान में गहरा संकट पैदा कर दिया है। पुलिस आरोपी की तलाश जारी रखे हुए है और फॉरेंसिक जांच और सीसीटीवी विश्लेषण के माध्यम से हर पहलू की छानबीन की जा रही है।