NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

CM सुक्खू के गृहजिले में कांग्रेस वर्करों की बैठक में हंगामा, हाथापाई तक पहुंचे विवाद

हमीरपुर/24/09/2025

hathapayi

हमीरपुर। हिमाचल प्रदेश कांग्रेस वर्करों की बैठक उस समय हंगामे में बदल गई जब विकास कार्यों पर चर्चा करते हुए वर्करों के बीच तीखी बहस छिड़ गई और नौबत हाथापाई तक आ पहुंची। यह मामला मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के गृहजिले का है। घटना के वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, बुधवार दोपहर करीब 1 बजे हमीरपुर शहर के लोक निर्माण विभाग (PWD) रेस्ट हाउस में बैठक आयोजित की गई थी। बैठक में मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा, पूर्व कांग्रेस जिला अध्यक्ष सुमन भारती, एपीएमसी चेयरमैन अजय शर्मा, डॉ. पुष्पेंद्र वर्मा सहित कई कांग्रेस पदाधिकारी और कार्यकर्ता मौजूद रहे। बैठक का उद्देश्य क्षेत्र में चल रहे और प्रस्तावित विकास कार्यों की समीक्षा करना था।

बैठक के दौरान कुछ कार्यकर्ताओं ने अपनी अनदेखी और कई महत्वपूर्ण कार्य समय पर पूरे न होने का आरोप लगाया। इन आरोपों को लेकर वर्करों के बीच बहस शुरू हुई और देखते ही देखते माहौल गर्म हो गया। स्थिति इतनी बिगड़ी कि कुछ कार्यकर्ता एक-दूसरे के गिरेबां तक पकड़ बैठे और हाथापाई करने लगे।

विवाद बढ़ता देख रेस्ट हाउस का गेट तक बंद कर दिया गया, लेकिन कार्यकर्ता बाहर आकर भी भिड़ते रहे। मौके पर मौजूद वरिष्ठ नेताओं ने बीच-बचाव कर स्थिति को काबू करने का प्रयास किया और आश्वासन दिया कि कार्यकर्ताओं की समस्याओं और सुझावों को प्राथमिकता से सुना जाएगा।

इस बीच, घटना के दो वीडियो भी सामने आए हैं जिनमें कांग्रेस वर्कर आपस में हाथापाई करते दिखाई दे रहे हैं। इस घटना ने कांग्रेस के भीतर चल रही गुटबाजी और आपसी खींचतान को एक बार फिर उजागर कर दिया है।

Scroll to Top