सुखविंद्र सुक्खू बने देश के पहले मुख्यमंत्री जिन्होंने हाउस ऑफ लॉर्डस को संबोधित किया
शिमला /24/09/2025
हिमाचल प्रदेश के मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने लंदन स्थित हाउस ऑफ लॉर्डस को संबोधित करने वाले देश के पहले मुख्यमंत्री बनकर इतिहास रचा है। यह अवसर इंडो-यूरोपियन बिजनेस फोरम द्वारा मंगलवार शाम आयोजित शिखर सम्मेलन में आया, जहां मुख्यमंत्री ने मुख्य भाषण दिया। उन्होंने वैश्विक निवेशकों को हिमाचल प्रदेश में स्वच्छ ऊर्जा, पर्यटन, बागवानी, सूचना प्रौद्योगिकी और स्वास्थ्य क्षेत्रों में संभावनाएं तलाशने के लिए आमंत्रित किया। मुख्यमंत्री ने निवेशक हितैषी नीति पर प्रकाश डालते हुए हिमाचल प्रदेश को निवेश के लिए आकर्षक गंतव्य बताया और राज्य की शत-प्रतिशत साक्षरता दर का भी जिक्र किया।
सुखविंद्र सुक्खू ने कहा कि हिमाचल हर मौसम में पर्यटकों के लिए पसंदीदा गंतव्य होने के साथ-साथ वैश्विक व्यापार का केंद्र भी बनकर उभर रहा है। राज्य सरकार ‘व्यवस्था परिवर्तन से आत्मनिर्भर हिमाचल’ के संकल्प पर कार्य कर रही है। उन्होंने बताया कि प्रदेश की दूरदर्शी नीतियों और योजनाओं के फलस्वरूप स्वच्छ ऊर्जा, पर्यटन, बागवानी, सूचना प्रौद्योगिकी, डेटा भंडारण और खाद्य प्रसंस्करण जैसे क्षेत्रों में तेजी से विकास हो रहा है। हिमाचल प्रदेश जलविद्युत और नवीकरणीय ऊर्जा के क्षेत्र में देश में अग्रणी है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि हिमाचल के सेबों ने वैश्विक स्तर पर पहचान बनाई है और राज्य अब सब्जियों, फूलों और उच्च मूल्य वाली फसलों के क्षेत्र में भी विस्तार कर रहा है। उन्होंने यूरोपीयन निवेशकों को स्वास्थ्य, जैविक उत्पादों और सतत जीवनशैली में अवसर तलाशने का आह्वान किया और भरोसा दिलाया कि यहां उन्हें व्यावसायिक अवसरों के साथ स्थिर और साझेदारियों पर आधारित माहौल मिलेगा।
इस अवसर पर इंडो-यूरोपियन बिजनेस फोरम ने मुख्यमंत्री सुखविंद्र सुक्खू को उनके दूरदर्शी और परिवर्तनकारी नेतृत्व के लिए लीडरशिप एंड गवर्नेंस अवार्ड से सम्मानित किया। समारोह में आईईबीएफ के संस्थापक विजय गोयल, लॉर्ड डेविड इवांस, मंत्री कनिष्क नारायण, मंत्री सीमा मल्होत्रा, वीरेंद्र शर्मा, घाना के सैमुअल महामा, श्रीलंका के पूर्व विदेश मंत्री डॉ. रोहितगा, डॉ. नीरजा बिड़ला, निहारिका हांडा, तेजेश कुमार कोडाली, सुबोध कुमार गुप्ता और संदीप साली भी उपस्थित थे।