42,000 फीट की ऊंचाई पर भी जिंदा! विमान के पहिए में छिपकर काबुल से दिल्ली पहुंचा 14 साल का बच्चा
नई दिल्ली/24/09/2025
नई दिल्ली: अफगानिस्तान के 14 साल के एक बच्चे ने सभी को हैरान कर दिया है। यह बच्चा केएएम एयर की फ्लाइट RQ4401 में काबुल से दिल्ली तक व्हील वेल में छिपकर 94 मिनट की खतरनाक यात्रा पूरी करके जिंदा बचा। आमतौर पर फ्लाइट की ऊंचाई 30,000 से 42,000 फीट होती है, जहां ऑक्सीजन की कमी और अत्यधिक ठंडा वातावरण व्यक्ति के लिए जानलेवा हो सकता है।
अपोलो हॉस्पिटल, इंद्रप्रस्थ के वरिष्ठ डॉक्टर निखिल मोदी ने बताया कि फ्लाइट के अंदर ऑक्सीजन और दबाव बनाए रखने के लिए प्रेशराइज्ड कंपार्टमेंट होता है, लेकिन व्हील वेल में ऐसा कोई सिस्टम नहीं होता। इतनी ऊंचाई पर शरीर में ऑक्सीजन की कमी से सांस लेने में कठिनाई, सिर में दर्द, उल्टी या दौरे जैसी समस्याएं हो सकती हैं।
डॉक्टर मोदी ने कहा कि बच्चे के जिंदा बचने की वजह उसकी कम उम्र और टायरों व इंजन से निकलने वाली गर्माहट हो सकती है। छोटे कद के कारण वह टायर के बीच आराम से बैठ गया और बाहर की कठोर ठंड का सामना नहीं करना पड़ा। अगर ऑक्सीजन कम होने के कारण उसका दिमाग प्रभावित होता, तो हादसा भी हो सकता था।
फिलहाल, बच्चा सुरक्षित रूप से काबुल भेज दिया गया है। इस घटना को एक चमत्कार कहा जा रहा है, क्योंकि इतनी ऊंचाई और खतरनाक परिस्थितियों में जीवित बचना बेहद दुर्लभ है।