NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

पानीपत की मस्जिद में मौलवी की हैवानियत: 9 साल के बच्चे को बांधकर 4 घंटे तक पीटा

पानीपत/24/09/2025

molvi

हरियाणा के पानीपत में एक दर्दनाक घटना ने सभी को झकझोर कर रख दिया है। पसीन गांव की मस्जिद में मौलवी आलीशान ने 9 साल के मासूम बच्चे को बेरहमी से पीटा। आरोप है कि बच्चा रविवार को तालीम लेने नहीं गया था, जिस पर मौलवी ने सोमवार को उसका हाथ-पैर रस्सी से बांध दिया और करीब चार घंटे तक लगातार डंडों से उसकी पिटाई करता रहा। बच्चा जब तय समय पर घर नहीं लौटा तो उसकी मां और मामा उसे ढूंढते हुए मस्जिद पहुंचे। काफी तलाश के बाद मौलवी के कार्यालय में देखा कि बच्चा हाथ-पैर बंधा फर्श पर गिरा हुआ है और उसका रो-रोकर बुरा हाल था। मौलवी मौके से फरार हो गया। घायल बच्चे को तुरंत सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज चल रहा है।

पीड़ित बच्चे के पिता मोहम्मद अंसारी, जो ट्रैक्टर चलाने का काम करते हैं, ने बताया कि शाम को उन्हें सूचना मिली कि बेटे की हालत गंभीर है। जब वे घर पहुंचे तो देखा कि बच्चा पूरी तरह चोटों से भरा हुआ है। बच्चे ने परिवार को बताया कि सोमवार दोपहर 3 बजे से लेकर शाम 7 बजे तक मौलवी ने उसे बांधकर डंडों से मारा। शरीर पर जगह-जगह नीले निशान पड़ गए हैं। परिजनों का कहना है कि 10 दिन पहले ही बच्चे को उत्तर प्रदेश से लाकर पानीपत की इस मस्जिद में तालीम के लिए भेजा गया था। रोजाना वह दोपहर 3 बजे जाता और शाम 5 बजे लौट आता था, लेकिन सोमवार को वह घर नहीं लौटा।

मामले की शिकायत पुलिस को दी गई है। पुलिस ने FIR दर्ज कर आरोपी मौलवी आलीशान की तलाश शुरू कर दी है। इस घटना ने धार्मिक स्थलों में बच्चों की सुरक्षा और वहां हो रही गतिविधियों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Scroll to Top