केसीसीबी बैंक को ईडी का नोटिस, होटल ऋण प्रकरण में मांगे ओटीएस दस्तावेज
धर्मशाला/25/09/2025
धर्मशाला। कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक लिमिटेड (KCCB) को प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने एक बड़े वित्तीय मामले में नोटिस जारी किया है। यह मामला पालमपुर स्थित एक होटल को दिए गए ऋण और बाद में उसे एकमुश्त निपटान (OTS) योजना के तहत सैटल करने से जुड़ा है।
पालमपुर में होटल निर्माण के लिए बैंक से भारी भरकम ऋण लिया गया था। लेकिन निर्धारित समय पर किस्तें जमा न करने और भुगतान में लगातार चूक होने पर बैंक ने संबंधित होटल प्रबंधन को कई नोटिस जारी किए। स्थिति गंभीर होने पर बैंक ने संपत्ति को अपने कब्जे में लेने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी थी। नियमानुसार यह संपत्ति नीलामी के लिए तैयार थी, लेकिन अचानक नीलामी की प्रक्रिया रोक दी गई और पूरे मामले को ओटीएस के तहत सुलझा लिया गया।
इसी संदर्भ में ईडी ने अब बैंक को नोटिस जारी कर ओटीएस से संबंधित सभी दस्तावेज मांगे हैं। ईडी यह जांच करना चाहती है कि आखिर किन परिस्थितियों में बैंक ने नीलामी प्रक्रिया रोककर ओटीएस के तहत समझौता किया।
बैंक के प्रबंध निदेशक संदीप कुमार ने मामले की पुष्टि करते हुए कहा कि ईडी से नोटिस प्राप्त हुआ है। नोटिस में होटल ऋण और ओटीएस प्रक्रिया से संबंधित दस्तावेज उपलब्ध करवाने को कहा गया है। उन्होंने बताया कि बैंक नियमानुसार ईडी को सभी दस्तावेज सौंपेगा और जांच में पूरा सहयोग करेगा।
यह मामला बैंकिंग प्रक्रियाओं और पारदर्शिता को लेकर गंभीर सवाल खड़ा कर रहा है। माना जा रहा है कि आने वाले दिनों में ईडी की जांच से पूरे प्रकरण से जुड़ी और भी अहम जानकारियां सामने आ सकती हैं।