NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

हिमाचल में सहारा योजना हांफी, मरीज 3 महीने से वंचित

शिमला/25/09/2025

pension

हिमाचल प्रदेश में सहारा योजना तीन महीने से ठप पड़ी है, जिसके कारण गंभीर बीमारी से ग्रसित मरीज आर्थिक सहायता से वंचित हैं। बीते तीन महीने से मरीजों को योजना के तहत मिलने वाली 3000 रुपये मासिक सहायता नहीं मिल रही है। इस योजना का उद्देश्य घातक बीमारियों जैसे कैंसर, लकवा, मस्कुलर डिस्ट्रॉफी, हीमोफीलिया, थैलेसीमिया और 50 प्रतिशत से अधिक विकलांगता वाले आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को सामाजिक सुरक्षा के तहत वित्तीय मदद प्रदान करना है, ताकि लंबी अवधि के इलाज के दौरान होने वाली कठिनाइयों को कम किया जा सके और मरीज अपनी दवाइयों का खर्चा स्वयं वहन कर सकें।

शिमला के कुफरी के लाल सिंह ने बताया कि उन्होंने तीन महीने से 01772629802 नंबर पर कॉल किया, लेकिन हर बार उन्हें यही कहा गया कि सरकार की ओर से बजट जारी नहीं हुआ है। मंडी की अंजली ठाकुर, जो पैरा स्पोर्ट्स चैंपियन हैं और मुख्यमंत्री के हाथों सम्मानित भी हो चुकी हैं, नवंबर महीने से आर्थिक सहायता नहीं मिल रही है। बार-बार कार्यालय जाकर शिकायत करने के बावजूद उन्हें केवल आश्वासन ही दिया गया। सिरमौर जिले के मनवा गांव की दिव्यांग महिला कौशल्या देवी ने भी कहा कि उन्हें तीन महीने से राशि जारी नहीं की गई। उनके पिता नहीं हैं और पति ने भी उन्हें छोड़ दिया है। आर्थिक सहायता उनका सहारा थी, लेकिन अब वह भी नहीं मिल रही।

स्वास्थ्य सचिव एम. सुधा से जब फोन पर संपर्क किया गया तो उन्होंने कॉल नहीं उठाया और स्वास्थ्य मंत्री धनीराम शांडिल से बात करने की कोशिश की गई, लेकिन उन्हें व्यस्त बताया गया। वहीं, हिमकेयर योजना के तहत भी अस्पतालों में मरीजों का उपचार बाधित हो रहा है। फिलहाल, सहारा योजना ठप होने के कारण मरीज और उनके परिजन गंभीर रूप से परेशान हैं और सरकार से बजट जारी कर सहायता तत्काल जारी करने की मांग कर रहे हैं।

Scroll to Top