हमीरपुर में आवारा कुत्तों का आतंक – मां को बचाते बेटे की जान गई, अस्पताल में तोड़ा दम
हमीरपुर/25/09/2025
हमीरपुर जिले की नेरी पंचायत में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है। यहां 31 वर्षीय सुमित ने अपनी मां को आवारा कुत्तों से बचाने की कोशिश की, लेकिन इस बहादुरी की कीमत उसे अपनी जान देकर चुकानी पड़ी। घटना के बाद से पूरा इलाका मातम और दहशत में है।
जानकारी के अनुसार 15 दिन पहले सुमित की मां पर अचानक आवारा कुत्तों के झुंड ने हमला कर दिया। मां को बचाने के लिए सुमित दौड़ा और कुत्तों से भिड़ गया। इस दौरान कुत्तों ने सुमित को बुरी तरह काट खाया। गंभीर हालत में उसे तुरंत टांडा मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया गया, जहां डॉक्टरों ने लगातार उसका इलाज किया। लेकिन 15 दिन तक जिंदगी और मौत से लड़ने के बाद रविवार रात को सुमित ने दम तोड़ दिया।
सुमित के निधन से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। वह अपने पीछे माता-पिता, पत्नी और तीन छोटे बच्चों को छोड़ गया है। उसकी मौत की खबर से पूरे गांव में मातम पसरा हुआ है। परिजनों और ग्रामीणों का कहना है कि अगर प्रशासन समय रहते आवारा कुत्तों पर नियंत्रण करता, तो सुमित की जान बच सकती थी।
स्थानीय लोगों ने इस घटना पर गहरा आक्रोश व्यक्त किया है और मांग की है कि आवारा कुत्तों के बढ़ते आतंक को खत्म करने के लिए तुरंत ठोस कदम उठाए जाएं। ग्रामीणों का कहना है कि इस तरह की घटनाएं लगातार बढ़ रही हैं और प्रशासन को जागरूक होकर आम लोगों की सुरक्षा सुनिश्चित करनी चाहिए।
सुमित की बहादुरी को लोग सलाम कर रहे हैं, लेकिन उसकी दर्दनाक मौत ने कई सवाल खड़े कर दिए हैं कि आखिर कब तक लोगों को आवारा कुत्तों के डर के साए में जीना पड़ेगा।