NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

चार गुना मुनाफे के लालच में करोड़ों की ठगी, कश्मीर से जुड़े एजेंटों पर जांच

शिमला/25/09/2025

fraud

हिमाचल प्रदेश के जिला शिमला, खासकर रोहड़ू क्षेत्र में कुछ लोगों ने मात्र एक-दो महीनों में चार गुना मुनाफा कमाने के लालच में करोड़ों रुपये गंवा दिए। स्थानीय निवासियों को एजेंटों—जिनमें एक सेवानिवृत्त पुलिस कर्मी और एक कर्मचारी शामिल हैं—ने यह झांसा दिया कि कश्मीर में किसी उत्पाद की खरीद करनी है और उसे बेचकर चार गुना मुनाफा होगा। लालच में आकर पीड़ितों ने कश्मीर के बैंक खातों में लाखों से करोड़ों रुपये जमा करवा दिए।

स्थानीय सूत्रों के अनुसार, इस ठगी का नेटवर्क जुब्बल, रोहड़ू से लेकर डोडरा क्वार तक फैला हुआ है। एजेंटों ने विश्वास जीतने के लिए पीड़ितों को चेक तक दिए और खुद साहूकारों से ब्याज पर पैसे उधार लेकर कश्मीर में किसी व्यक्ति के खाते में ट्रांसफर कर दिए। जब पैसा लौटाने का दबाव बढ़ा, तो एजेंट कई बार कश्मीर भी गए।

मामले में एक पीड़ित ने बताया कि उन्होंने लगभग 40 लाख रुपये गंवा दिए, जबकि दूसरे ने अपने परिवार को जानकारी नहीं दी और लगभग 20 लाख रुपये गंवा दिए। इसके अलावा कई पीड़ितों ने दूसरों से ब्याज पर पैसा लिया। अब तक करीब 20 पीड़ितों के नाम सामने आए हैं।

कश्मीर से जुड़े होने के कारण सरकारी सुरक्षा एजेंसियां सक्रिय हैं और मामले की गोपनीय जांच कर रही हैं। अभी तक ठगों और उनके एजेंटों से पूछताछ नहीं हुई है, लेकिन यह पता लगाया जा रहा है कि यह पैसा कहीं आतंकी गतिविधियों में तो इस्तेमाल नहीं हुआ। कई पीड़ित शर्म के कारण पुलिस में शिकायत दर्ज कराने को तैयार नहीं हैं।

Scroll to Top