हिमाचल: गंभीर बीमार पेंशनरों को ग्रेच्युटी और अवकाश का बकाया नकद मिलेगा
शिमला/25/09/2025
हिमाचल प्रदेश सरकार ने हाईकोर्ट में स्पष्ट किया है कि गंभीर बीमारियों से पीड़ित पेंशनरों को ग्रेच्युटी और अवकाश के बदले नकद भुगतान की पूरी बकाया राशि जल्द जारी की जाएगी। महाधिवक्ता अनूप रतन ने अदालत को बताया कि वित्त विभाग ने कैंसर और हृदय रोग जैसी जानलेवा बीमारियों से पीड़ित पेंशनरों के बकाया भुगतान की मंजूरी दे दी है। यह मंजूरी 3 जनवरी 2022 और 25 फरवरी 2022 की अधिसूचनाओं के कुछ प्रावधानों में छूट देकर दी गई है।
सरकार ने अदालत को यह भी बताया कि सेवारत और सेवानिवृत्त कर्मचारियों के मेडिकल प्रतिपूर्ति दावों को निपटाने के लिए सभी सरकारी विभागों को पर्याप्त धनराशि उपलब्ध कराई जा रही है। सभी देय और स्वीकार्य मेडिकल दावों को प्राथमिकता के आधार पर निपटाने के लिए निर्देश भी दिए गए हैं। महाधिवक्ता ने अनुमान लगाया कि राशि जारी होने में लगभग 7 से 14 दिन लग सकते हैं।
न्यायाधीश विवेक सिंह ठाकुर और न्यायाधीश सुशील कुकरेजा की अदालत ने राज्य सरकार को सभी बकाया पेंशन और मेडिकल बिलों का भुगतान अगली सुनवाई तक सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। मामले की अगली सुनवाई 15 अक्तूबर को होगी। अदालत ने विधानसभा, विद्युत निगमों, बोर्डों और विश्वविद्यालयों के वकीलों को भी बकाया राशि जारी करने और पूरी जानकारी सुनिश्चित करने का आदेश दिया।