सास की मौत का सदमा सहन नहीं कर पाई बहू, एक ही चिता पर दाह संस्कार
हमीरपुर/25/09/2025
हमीरपुर: जिले के भोरंज उपमंडल के जाहू गांव में एक दुखद घटना ने पूरे क्षेत्र में शोक का माहौल पैदा कर दिया। बुधवार शाम 85 वर्षीय दमोदरी का निधन हो गया। उनके निधन का सदमा उनकी बहू रमेशा देवी को इतना गहरा लगा कि उन्होंने भी एक घंटे के भीतर प्राण त्याग दिए।
स्थानीय लोगों और परिजनों के अनुसार, जैसे ही सास दमोदरी की मौत हुई, बहू रमेशा देवी शव के पास जाकर रोने लगी और अचानक बेहश हो गई। उन्हें तुरंत सिविल अस्पताल भोरंज ले जाया गया, जहाँ डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। दोनों की मौत के बीच केवल एक घंटे का अंतर था।
परिजनों ने बताया कि सास और बहू के बीच गहरा प्रेम था और इसी प्रेम और सदमे के कारण बहू अपनी सास की मृत्यु को सहन नहीं कर सकीं। दोनों की अंतिम यात्रा एक साथ निकाली गई और वीरवार को श्मशान घाट पर एक ही चिता पर दाह संस्कार किया गया।
इस घटना से गांव में शोक का माहौल है। बहू का पति कश्मीर सिंह पहले से ही अस्वस्थ थे, और पत्नी व मां की एक साथ मौत से उन पर दुखों का पहाड़ टूट गया। विधायक सुरेश कुमार ने दोनों की मौत पर गहरा दुख व्यक्त किया। जाहू पंचायत प्रधान अनुराधा शर्मा और पूर्व प्रधान रोशन लाल ने कहा कि सास और बहू के बीच गहरा स्नेह था और उनकी मृत्यु से पूरे गांव में शोक का माहौल है।