NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

पालमपुर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 1 किलो से ज्यादा चरस के साथ कुल्लू के 3 तस्कर गिरफ्तार

पालमपुर /26/09/2025

kagra

पालमपुर पुलिस ने नशे के खिलाफ चलाए जा रहे अपने विशेष अभियान के तहत एक बड़ी कामयाबी हासिल की है। पुलिस ने 24 सितम्बर की देर रात नाकाबंदी के दौरान एक कार से 1 किलो 29 ग्राम चरस बरामद की और मौके पर ही कुल्लू जिले के तीन युवकों को गिरफ्तार कर लिया। जानकारी के अनुसार, पुलिस थाना पालमपुर की एक टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर चढियार चौक के पास उद्यान विभाग के समीप नाका लगाया हुआ था।

इसी दौरान वहां से गुजर रही एक संदिग्ध कार को रोककर जांच की गई। कार की तलाशी लेने पर पुलिस को चरस की खेप मिली, जिसे तस्करी के लिए ले जाया जा रहा था। पुलिस ने तुरंत कार में सवार तीनों युवकों को दबोच लिया, जिनकी पहचान कुल्लू जिला के गांव सुरड़ खोखन निवासी सुनील कुमार पुत्र गोपाल दास, सुनील कुमार पुत्र सुखराम और गांव तलाड़ी निवासी नरेन्द्र ठाकुर पुत्र वीर सिंह के रूप में हुई है।

पुलिस ने तीनों के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया है और तस्करी में इस्तेमाल की जा रही कार को भी जब्त कर लिया है। फिलहाल पुलिस यह जांच कर रही है कि चरस की यह खेप कहां से लाई गई थी और इसे कहां सप्लाई किया जाना था। मामले की पुष्टि करते हुए जिला पुलिस अधीक्षक अशोक रत्न ने कहा कि नशा व अवैध शराब के कारोबार में लिप्त किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा।

उन्होंने आम जनता से अपील की कि वे नशा तस्करों के बारे में जानकारी तुरंत पुलिस तक पहुंचाएं और आश्वासन दिया कि सूचना देने वाले का नाम व पहचान पूरी तरह गोपनीय रखी जाएगी। पालमपुर पुलिस की इस कार्रवाई से नशा तस्करों के नेटवर्क को बड़ा झटका लगा है और यह अभियान नशे के खिलाफ एक मजबूत कदम साबित हुआ है।

Scroll to Top