NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

लेह हिंसा पर सख्त कार्रवाई की मांग, राहुल गांधी पर निशाना साधा: जयराम ठाकुर

मंडी/26/09/2025

jai ram thakur

हिमाचल प्रदेश के पूर्व मुख्यमंत्री और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने लेह में हुई हिंसा के दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है। मंडी में भाजपा के नए जिला कार्यालय का विधिवत शुभारंभ करने के बाद पत्रकारों से बातचीत में उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में सभी को अपनी बात रखने का अधिकार है, लेकिन इस तरह की हिंसा के लिए कहीं कोई स्थान नहीं है। उन्होंने बताया कि केंद्र सरकार इस मामले पर लगातार नजर बनाए हुए है और उचित कार्रवाई की जा रही है।

जयराम ठाकुर ने कांग्रेस नेता राहुल गांधी पर भी निशाना साधा और कहा कि भाजपा पर लगाए जा रहे वोट चोरी के आरोप निराधार हैं। उनका कहना था कि देश जानता है उनकी सच्चाई और कोई भी उनकी बातों को गंभीरता से नहीं लेता। उन्होंने आरोप लगाया कि हिमाचल में कांग्रेस ने 10 झूठी गारंटियों के दम पर जनादेश हथिया लिया और संविधान की आत्मा को तार-तार करने वाले नेताओं के परिजन भाजपा पर आरोप लगा रहे हैं।

इस मौके पर जयराम ठाकुर ने मंडी में भाजपा के संगठनात्मक जिला कार्यालय का उद्घाटन भी किया। उन्होंने बताया कि स्थाई कार्यालय के लिए जमीन तलाशी जा रही है और उसके बाद इसका निर्माण किया जाएगा। इस अवसर पर प्रदेश भाजपा के संगठन मंत्री सिद्धार्थन, मंडी सदर के विधायक अनिल शर्मा, बल्ह के विधायक इंद्र सिंह गांधी, प्रदेश महामंत्री पायल वैद्य और मंडी जिला भाजपा अध्यक्ष निहाल चंद शर्मा सहित अन्य पदाधिकारी और कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

जयराम ठाकुर ने इसके बाद सराज विधानसभा क्षेत्र के केलोधार, सरोआ और काँढा बाजार में व्यापारियों से भेंट की और ‘नेक्स्ट जनरेशन जीएसटी सुधारों’ पर चर्चा की। उन्होंने व्यापारियों को स्वदेशी उत्पादों को अपनाने और बढ़ावा देने तथा उपभोक्ताओं को नई जीएसटी दरों की जानकारी देकर अधिकतम लाभ पहुँचाने के लिए प्रोत्साहित किया। जयराम ठाकुर ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के दूरदर्शी नेतृत्व में लागू हुए नए जीएसटी स्लैब से आमजन को राहत मिलेगी और व्यापार अधिक सरल, पारदर्शी और मज़बूत बनेगा।

Scroll to Top