आपदा में देवदूत बनी 16वीं गढ़वाल राइफल्स, सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने किया सम्मानित
धर्मशाला/26/09/2025
काँगड़ा संसदीय क्षेत्र के सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने 16वीं गढ़वाल राइफल्स की वीरता और सेवा भाव की सराहना करते हुए बटालियन को प्रशंसा पत्र भेंट किया। हाल ही में आई प्राकृतिक आपदा के दौरान सैनिकों ने न केवल ग्रामीणों के जीवन की रक्षा की, बल्कि अपने साहस और समर्पण का भी शानदार परिचय दिया।
16-17 सितंबर 2025 को काँगड़ा जिले के सुलह विधानसभा क्षेत्र की पंचायत बछवाई में भूस्खलन से 14 मकान क्षतिग्रस्त हो गए थे। इस दौरान ग्रामीण जान-माल के संकट में फँस गए। कठिन परिस्थितियों में 16वीं गढ़वाल राइफल्स के जवान तुरंत मौके पर पहुंचे और ग्रामीणों को सुरक्षित बाहर निकाला। साथ ही प्रभावित लोगों को प्राथमिक उपचार, भोजन-पानी और अन्य आवश्यक संसाधन मुहैया कराए। सैनिकों ने प्रभावित घरों से घरेलू सामान और बहुमूल्य वस्तुएँ भी सुरक्षित निकालकर परिवारों को लौटाई।
सांसद डॉ. राजीव भारद्वाज ने कहा कि गढ़वाल राइफल्स की अदम्य साहस और अथक प्रयास ने ग्रामीणों का जीवन बचाया और उनका मनोबल बढ़ाया। यह कार्य सेना के आदर्श वाक्य “सेवा परमो धर्मः” को जीवंत करता है। सांसद और विधायक विपिन सिंह परमार ने बटालियन के कमान अधिकारी और सभी सैनिकों को उत्कृष्ट सेवाओं के लिए धन्यवाद दिया और प्रशस्ति पत्र कर्नल अर्पित पारीक को संयुक्त रूप से भेंट किया।
इस अवसर पर भाजपा के वरिष्ठ नेता एवं पूर्व विधानसभा अध्यक्ष विपिन सिंह परमार, मेजर जनरल चंदेल और कर्नल अर्पित पारीक भी मौजूद रहे। विपिन सिंह परमार ने कहा कि 16वीं गढ़वाल राइफल्स ने न केवल बछवाई पंचायत में, बल्कि उनकी विधानसभा क्षेत्र के अन्य प्रभावित गाँवों में भी साहस और सेवा भाव से भरे कार्य किए।