NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

हेल्थ मिनिस्टर के बेटे को ‘सह-अपराधी’ लिखने पर बवाल, विदेश दौरा स्थगित

shandil

हिमाचल प्रदेश के स्वास्थ्य मंत्री डॉ. धनीराम शांडिल इन दिनों विवादों में घिर गए हैं। दरअसल, स्वास्थ्य विभाग की एक चिट्ठी में उनके बेटे संजय शांडिल को ‘Accomplice’ यानी सह-अपराधी लिख दिया गया। इस शब्द के इस्तेमाल के बाद विभाग की जमकर किरकिरी होने लगी और मामला सोशल मीडिया पर वायरल हो गया।

मंत्री धनीराम शांडिल से जब इस बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा कि उन्हें इसकी जानकारी नहीं थी। उन्होंने साफ किया कि जिन अधिकारियों ने यह शब्द लिखा है, उनसे जवाब मांगा जाएगा और उनकी जवाबदेही तय की जाएगी।

इसी बीच, स्वास्थ्य मंत्री, दो विधायक और अफसरों का 10 सदस्यीय दल 2 से 11 अक्टूबर तक लंदन और फ्रांस जाने वाला था। लेकिन विवाद बढ़ने और चिट्ठी सोशल मीडिया पर वायरल होने के बाद इस दौरे को फिलहाल स्थगित कर दिया गया है। सरकार ने कहा है कि यह टीम अगले छह महीनों के भीतर कभी भी विदेश जा सकती है।

बवाल की बड़ी वजह यह रही कि सरकारी खर्च से होने वाले इस दौरे में मंत्री का बेटा और विधायक भी शामिल थे। ऊपर से बेटे को ‘सह-अपराधी’ लिखने ने आग में घी डालने का काम किया। विपक्ष ने इसे बड़ा मुद्दा बना लिया और नेता प्रतिपक्ष जयराम ठाकुर ने सोशल मीडिया पर सरकार को आड़े हाथों लिया।

सरकार का कहना है कि यह टीम विदेशों में स्वास्थ्य सुविधाओं का अध्ययन करने जा रही थी, ताकि हिमाचल के सरकारी अस्पतालों में भी बेहतर सुविधाएं उपलब्ध कराई जा सकें। इस दौरे का खर्च हिमाचल प्रदेश मेडिकल सर्विसेज कॉर्पोरेशन लिमिटेड की बचत से उठाया जाना था। हालांकि, फिलहाल इस विवाद ने पूरे स्वास्थ्य विभाग की साख पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

Scroll to Top