NEWS CHOICE

निष्पक्ष खबर, बेबाक अंदाज

HPU में SFI प्रदर्शन, पुलिस झड़प में तीन घायल

hpu

शिमला। हिमाचल प्रदेश विश्वविद्यालय (HPU) में शनिवार को स्टूडेंट्स फेडरेशन ऑफ इंडिया (SFI) ने छात्रों की मांगों को लेकर जोरदार प्रदर्शन किया। इस दौरान छात्रों ने कार्यकारी परिषद (EC) मेम्बर्स को ज्ञापन सौंपा और शिमला शहरी विधायक हरीश जनारथा का घेराव किया।

हालात बिगड़ने पर पुलिस और छात्रों के बीच झड़प हो गई। झड़प के दौरान लाठीचार्ज भी हुआ, जिसमें तीन छात्र घायल हो गए।

hpu

प्रदर्शनकारियों ने कहा कि 2013 से प्रदेश में छात्र संघ चुनाव बंद हैं। इसका असर छात्र राजनीति पर पड़ा है और छात्रों की आवाज प्रशासन तक नहीं पहुंच पाती। एसएफआई ने मांग की कि चुनाव जल्द बहाल किए जाएं।

छात्र नेताओं ने 2019 के 103वें संविधान संशोधन का हवाला देते हुए कहा कि EWS वर्ग को 10% आरक्षण मिलना चाहिए, लेकिन HPU अब तक लागू नहीं कर पाया। इसे संविधान का उल्लंघन बताया गया।

एसएफआई ने छात्रावास की कमी पर भी सवाल उठाए। कहा कि 4000 छात्रों में से सिर्फ 1200 को ही हॉस्टल सुविधा मिलती है। नए छात्रावासों के निर्माण की मांग की गई।

नेताओं ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय में 70% शिक्षक फर्जी दस्तावेजों पर भर्ती हुए हैं और राजनीतिक गतिविधियों में शामिल रहते हैं। इन भर्तियों की न्यायिक जांच की मांग की गई।

एसएफआई ने नई शिक्षा नीति 2020 को भी आमजन विरोधी बताया और कहा कि शिक्षा को निजी हाथों में सौंपने की कोशिश हो रही है।

गैर-शिक्षक कर्मचारियों की भर्ती पर भी सवाल उठे। एसएफआई का कहना है कि भर्ती लटकाकर छात्रों से करीब 4.5 करोड़ रुपये वसूले गए।

छात्र नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो बड़ा आंदोलन किया जाएगा। इसकी जिम्मेदारी विश्वविद्यालय प्रशासन की होगी।

Scroll to Top